कर्णेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट की नई कार्यकारिणी घोषित: विकल गुप्ता फिर से निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए

कर्णेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट
गोपी कश्यप- नगरी। धमतरी जिले के ऐतिहासिक और श्रद्धा के केंद्र कर्णेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट, देउर पारा सिहावा की नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। तीन वर्षों के सफल कार्यकाल के पश्चात ट्रस्ट के सदस्यों ने एक बार फिर से विकल गुप्ता को अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध रूप से मनोनीत किया। उनके नेतृत्व में मंदिर ने बीते कार्यकाल में कई विकासात्मक उपलब्धियाँ हासिल कीं।
नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष विकल गुप्ता के साथ अन्य पदों पर भी सर्वसम्मति से नियुक्तियाँ हुईं- उपाध्यक्ष: रवि ठाकुर, रवि दुबे। कोषाध्यक्ष: निकेश ठाकुर। सचिव: भरत निर्मलकर। सहसचिव: रामभरोस साहू, मोहन पुजारी चुने गए।

निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया
इस निर्वाचन को पूर्णतः पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु वरिष्ठ ट्रस्टी कोमल श्रीमाली एवं अमर सिंह पटेल को निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्होंने ट्रस्ट के सर्वराकार कैलाश पवार से विचार-विमर्श कर चुनाव प्रक्रिया को संपन्न किया। चुनाव निर्विवाद रूप से सम्पन्न हुआ, जिस पर अध्यक्ष विकल गुप्ता ने सभी सदस्यों का आभार प्रकट किया।
अध्यक्ष का वक्तव्य
पुनः अध्यक्ष बनाए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया में विकल गुप्ता ने कहा— हमारे पूर्व कार्यकाल में मंदिर विकास के कई कार्य सबके सहयोग से संभव हुए। आगामी समय में प्रशासन व जनसहयोग के साथ मिलकर कर्णेश्वर महादेव मंदिर को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने सभी ट्रस्टियों के विश्वास और समर्थन के लिए आभार जताया और भावी योजनाओं में सबके सहयोग की अपेक्षा जताई।
कर्णेश्वर महादेव मंदिर का सांस्कृतिक, सामाजिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका
कर्णेश्वर महादेव मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सिहावा क्षेत्र के सांस्कृतिक और सामाजिक जीवन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। ट्रस्ट द्वारा मंदिर विकास और क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से स्थानीय जनमानस में नई उम्मीदें जागी हैं।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस विशेष अवसर पर बड़ी संख्या में ट्रस्ट सदस्य एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल थे: ट्रस्टी प्रकाश बैस, नागेन्द्र शुक्ला, छबि ठाकुर, गगन नाहटा, शिव परिहार, अंजोर निषाद, कमलेश मिश्रा, ललित शर्मा, महेंद्र कौशल, कलम सिंह पवार, रवि भट्ट, प्रकाश सार्वा, उत्तम साहू, योगेश साहू, दुर्गेश साहू, कुलेश साहू, दीपक यदु, प्रवीण गुप्ता, डोमार मिश्रा, भूपेश साहू, तथा पुजारी विनोद गोस्वामी।
