ऑपरेशन सिंदूर पर सियासत: बैज बोले- युद्ध विराम से भावनाएं हुईं आहत, निर्णायक जंग चाहते थे लोग

प्रेस ब्रीफ करते पीसीसी चीफ दीपक बैज
अनिल सामंत- जगदलपुर। पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सियासत तेज हो गई है। बुधवार को पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि, पहलगाम में हमारे निर्दोष 22 नागरिकों को जिस तरह कायरता पूर्वक आतंकियों ने मारा गया, उससे पूरा देश आक्रोशित हुआ था। लोग इस हत्याकांड का बदला चाहते थे।यह हमला एक तरह से भारत की संप्रभुता पर आक्रमण था। कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष ने सरकार को यह भरोसा दिलाया सरकार इस आतंकी हमले के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करे। हम सरकार के हर कदम का पूरा समर्थन करते है।
भारत की सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर चला कर बहादुरी पूर्वक पाकिस्तान से चलाये जा रहे आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूत कर दिया। भारतीय सेना के पराक्रम से सारा देश गौरान्वित हुआ। ऑपरेशन सिंदूर और उसके बाद पाकिस्तानी सेना की बुजदिली कार्यवाही के खिलाफ भारत के सेनाओ की कार्यवाही का भी पूरा देश स्वागत किया। लोग पाकिस्तान के खिलाफ निर्णायक जंग चाहते थे। यह पहला अवसर था जब पाकिस्तान को उसकी हरकतों का जबाब हमारी सेनाओ ने दिया। हमारी सेना पाकिस्तान के खिलाफ बहादुरी से लड़ रही थी और उसे सफलता भी मिल रही थी. लेकिन अचानक युद्ध विराम की घोषणा हो गयी।
ट्रम्प कौन होते हैं युद्ध विराम की घोषणा करने वाले
श्री बैज ने आगे कहा कि, युद्ध विराम भी भारत- पाक के आधा घंटा पहले अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने किया। बड़ा सवाल उठता है कि, ट्रम्प होते कौन है इस तरह की घोषणा करने वाले। ट्रम्प ने कहा कि, उन्होंने व्यापार बंद करने की धमकी देकर युद्ध रोकवाया। ट्रम्प ने यह भी कहा कि, वे कश्मीर समस्या की मध्यस्थता करेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रम्प के इस बयान से सवाल खड़ा होता है कि, क्या भारत सरकार ने अमेरिकी से व्यापार न करने की धमकी के आगे घुटने टेक कर युद्ध विराम किया। चार दिनों तक चले युद्ध मे हमारे जवानों, नागरिकों ने जो खोया उसकी कीमत सिर्फ व्यापार है... हमारे बहनों के सिंदूर की कीमत सिर्फ व्यापार है।
अमेरिकन राष्ट्रपति के बयान से देश हुआ अपमानित
उन्होंने आगे कहा कि, अमेरिका के राष्ट्रपति के बयानों ने पूरे देश को अपमानित किया, यह दुर्भाग्यजनक है। ट्रम्प के बयानों का खंडन केंद्र सरकार ने नहीं किया। जिस कश्मीर पर भारत ने तीसरे पक्ष की मध्यस्थता कभी स्वीकार नहीं किया। उस पर भी ट्रम्प ने मध्यस्थता की बात भी कही। भारत की अखंडता पर हस्तक्षेप है। पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना ने जो बहादुरी दिखाई है। उसके लिए सेना के जवानो का आभार इस युद्ध मे शहीद वीर जवानो को नमन, सारा देश अपनी सेना का ऋणी है। ऑपरेशन संकल्प से साबित होता है कि, साय सरकार में विश्वास का संकट है, मुख्यमंत्री और गृह मंत्री में सामंजस्य नहीं है।
ये नेता रहे उपस्थित
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदु, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, रविशंकर तिवारी, राजेश राय, महामंत्री जाहिद हुसैन, सुभाष गुलाटी,असीम सुता, युंका अध्यक्ष अजय बिसाई, राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान, अनुराग महतो, पार्षद अफरोज बेगम, शुभम् यदु, लोकेश चौधरी, शादाब अहमद, एस नीला,ज्योति राव और सलीम जाफर आदि मौजूद रहे।
