स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज: सीएम साय राजधानी में ध्वजारोहण कर जनता के नाम देंगे संदेश

CM Vishnudeo Sai
X

सीएम विष्णुदेव साय रायपुर में करेंगे ध्वजारोहण

छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के आयोजन के लिए शासन ने दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। सीएम साय राजधानी में ध्वजारोहण कर जनता के नाम संदेश देंगे।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस को प्रदेशभर में भव्य रूप से मनाने के उद्देश्य से शासन स्तर पर आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इस बीच अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बीते दिनों राज्य स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया। राजधानी में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह प्रातः 9 बजे से पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर में ध्वजारोहण कर जनता के नाम संदेश देंगे। समारोह के संयुक्त परेड में मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया जाएगा। रायपुर में आयोजित मुख्य समारोह की परेड का दायित्व पुलिस महानिरीक्षक, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधीन रहेगा। परेड में बी.एस.एफ., सी.आर.पी.एफ., सी.आई.एस.एफ., आई.टी.बी.पी., एस.एस.बी., छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, नगर सेना, एन.सी.सी. कैडेट्स आदि की टुकड़ियाँ सम्मिलित होंगी।

सीएम साय देंगे जनता के नाम संदेश
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा पदक और पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। इसके लिए विभागों को जूरी गठित कर 29 जुलाई 2025 तक चयनित नामों की सूची सामान्य प्रशासन विभाग को भिजवाना होगा। निर्धारित तिथि के उपरांत प्राप्त प्रस्तावों पर विचार नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री देव साय मुख्य समारोह में जनता के नाम संदेश देंगे। यह संदेश दूरदर्शन एवं आकाशवाणी के माध्यम से पूरे प्रदेश में प्रसारित किया जाएगा।

कलेक्टर- एसपी को मिली जिम्मेदारी
मुख्य समारोह के बाद छात्र-छात्राओं की तरफ से देशभक्ति आधारित समूह-नृत्य एवं गायन प्रस्तुत किए जाएंगे। स्कूली बच्चों के कार्यक्रमों के लिए स्कूल शिक्षा विभाग जूरी का गठन करेगा और कार्यक्रम स्थल पर ही पुरस्कार वितरण होगा। कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और नगर निगम आयुक्त को स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह व्यवस्था के संबंध में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई है।

प्रदर्शनी लगाई जाएगी
प्रदेश के सभी सार्वजनिक भवनों और राष्ट्रीय स्मारकों पर 15 अगस्त की रात प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। निजी संस्थानों से भी ध्वजारोहण और रोशनी करने की अपील की गयी है। जिला, विकासखंड और पंचायत स्तर पर कार्यक्रमों और प्रदर्शनी के आयोजन के लिए कलेक्टरों को निर्देश जारी किए गए हैं। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को आमंत्रित किया जाएगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story