पलारी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा: नगर पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में स्कूली बच्चे भी हुए शामिल

पलारी में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
कुश अग्रवाल-बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के पलारी में बुधवार को 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में स्कूली बच्चे, नगर पंचायत अध्यक्ष सहित नगरवासी शामिल हुए। रैली के दौरान हाथों में तिरंगा लहराते हुए प्रतिभागी देशभक्ति गीतों की धुन पर कदम से कदम मिलाते आगे बढ़ रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, रैली का शुभारंभ हाई स्कूल परिसर से हुआ। प्रारंभिक स्थल पर ही सुबह से देशभक्ति के गीत गूंजने लगे थे। बच्चों के चेहरे पर उत्साह साफ झलक रहा था। तिरंगा यात्रा हाई स्कूल परिसर से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों मुख्य बाजार, गांधी चौक, सब्जी बाजार होते हुए निकली। यात्रा के दौरान नगरवासी घरों की बालकनी और छतों से हाथ हिलाकर व पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत कर रहे थे। गांधी चौक पर देशभक्ति नारों और जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा।
बलौदा बाजार जिले के पलारी में बुधवार को 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. @BalodaBazarDist #Chhattisgarh #TirangaYatra pic.twitter.com/a5JGC1qbqS
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) August 13, 2025
हाई स्कूल में हुआ रैली का समापन
गांधी चौक से लौटते हुए रैली पुन हाई स्कूल परिसर पहुंची। जहां इसका समापन किया गया। समापन स्थल पर प्रतिभागियों को तिरंगे के महत्व, उसके इतिहास और सम्मान की जानकारी दी गई।
राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और एकता की भावना को मिले मजबूती- गोपी साहू
नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू ने अपने संबोधन में कहा कि, इस रैली का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है, ताकि राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और एकता की भावना को और मजबूती मिले। उन्होंने बताया कि, हर घर तिरंगा अभियान देश के हर नागरिक को राष्ट्र के साथ जुड़ने और गर्व महसूस करने का अवसर देता है।
बुजुर्ग भी हुए रैली में शामिल
रैली में नगरवासियों की भारी भागीदारी देखने को मिली। स्कूली बच्चों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ तिरंगा लहराया। देशभक्ति गीत गाकर माहौल को जीवंत बना दिया। बुजुर्ग नागरिकों ने भी यात्रा में भाग लेकर युवाओं और बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
रैली में इनकी रही मौजूदगी
रैली में नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू, सीएमओ मनोज बंजारा, भाजपा वरिष्ठ नेता योगेश चंद्राकर, बिपिन बिहारी वर्मा, कर्मचारी, भाजपा एवं कांग्रेस दोनों दलों के वरिष्ठ नागरिक, बड़ी संख्या में स्कूल के अध्यापकगण एवं सभी पार्षद मौजूद रहे।
