नरी सरकारी स्कूल पहुंची दिल्ली के अफसरों की टीम: इको क्लब के छात्रों से किया संवाद, जवाब से हुए संतुष्ट

पर्यावरण विभाग के संयुक्त दल के सदस्यों को पौधा भेंट करते हुए शिक्षकगण
बेमेतरा। पर्यावरण विभाग के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के शासकीय हाई स्कूल का दौरा किया। इस दौरान भारत सरकार और राज्य सरकार के अफसरों ने ग्राम नरी स्थित हाई स्कूल का निरीक्षण किया। साथ ही कक्षाओं में जाकर इको क्लब के विभिन्न गतिविधियों की छात्र- छात्राओं से जानकारी ली। वहीं सदस्यों ने पर्यावरण से संबंधित विषयों पर चर्चा की।
पर्यावरण विभाग भारत सरकार एवं राज्य सरकार के संयुक्त दल ने ग्राम नरी शासकीय हाई स्कूल का दौरा किया। इस दौरान सदस्यों ने पर्यावरण और साफ सफाई के महत्व, प्लास्टिक के दुष्परिणाम और उसके विकल्प पर छात्रों से चर्चा की। साथ ही इको क्लब के वर्ष भर के गतिविधियों को पूछकर परिसर का अवलोकन किया। इस दौरान स्कूल में पक्षी संरक्षण के लिए बनाए गए कृत्रिम घोंसले और उनके दाना पानी के लिए रखे सकोरा के बारे में पूछा गया।

पौधा किया गया भेंट
संस्था के सदस्यों ने मैदान के चारों ओर लगे बरगद, नीम, अर्जुन, कदम, शीशम, आदि औषधीय और छायादार पौधों को देखकर जानकारी ली।संस्था के प्रभारी प्राचार्य संजय वर्मा व्याख्याता चौवन साहू, उर्वशी साहू, श्रद्धा तिवारी के पर्यावरण पर किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। इसके अलावा संस्था में एक पेड़ मां के नाम पर किए गए कार्य को देखा गया। वहीं संस्था ने टीम को भेंट उपहार स्वरूप बरगद का पौधा दिया।
