वीरता की दीवारें: सैनिक कल्याण परिसर में प्रेरणादायक भित्ति चित्रों का लोकार्पण, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा हुए शामिल

Deputy Chief Minister Vijay Sharma
X

भारतीय सेनाओं के शौर्य को दर्शाने वाले भित्ति चित्रों का लोकार्पण उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा किया गया

सैनिक कल्याण रायपुर परिसर में भारतीय सेनाओं के शौर्य को दर्शाने वाले भित्ति चित्रों का लोकार्पण उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा किया गया।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में संचालनालय सैनिक कल्याण रायपुर के परिसर की बाहरी दीवारों पर बनाए गए भारतीय सशस्त्र सेनाओं की वीरता और इतिहास को दर्शाते नव निर्मित भित्ति चित्रों का गुरुवार 5 जून को भव्य लोकार्पण किया गया। इस विशेष अवसर पर राज्य के उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

सुबह 9:00 बजे आरंभ हुए इस समारोह में माननीय उप मुख्यमंत्री ने इन भित्ति चित्रों का उद्घाटन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात परिसर स्थित कल्याण बाग में उन्होंने वृक्षारोपण भी किया।


स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बनाई गई कलाकृतियाँ
इन भित्ति चित्रों में भारतीय थल सेना, नौसेना और वायु सेना के गौरवशाली इतिहास, शौर्य और पराक्रम को चित्रित किया गया है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बनाई गई ये कलाकृतियाँ न केवल परिसर की शोभा बढ़ाती हैं, बल्कि युवाओं के लिए एक प्रेरणा का स्रोत भी बनेंगी।

कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई
संचालक सैनिक कल्याण ब्रिगेडियर विवेक शर्मा ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए संचालनालय की गतिविधियों, केंद्र और राज्य सरकार द्वारा भूतपूर्व सैनिकों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में वीर नारियों और वीर माताओं को शाल, श्रीफल और 11,000 रूपए की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 3 भूतपूर्व सैनिकों को आर्थिक सहायता के रूप में धनादेश भी प्रदान किए गए।


विजय शर्मा ने भारतीय सेना की वीरता, बलिदान और अनुशासन की सराहना की
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विजय शर्मा ने भारतीय सेना की वीरता, बलिदान और अनुशासन की सराहना की और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने सैनिक कल्याण बोर्ड की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार इस दिशा में हर जरूरी कदम उठाएगी।


उपमुख्यमंत्री ने किया सैनिकों से अनौपचारिक संवाद
समारोह का समापन भूतपूर्व सैनिकों के साथ स्वल्पाहार और सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने सैनिकों से अनौपचारिक संवाद भी किया और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान का भरोसा दिलाया।

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर कई गणमान्य सैन्य अधिकारी और विशिष्ट अतिथि मौजूद थे, जिनमें ब्रिगेडियर तेजिंदर सिंह बावा (सेना मेडल), एयर कमोडोर एफ. पी. पिन्टो (शौर्य चक्र), कमोडोर ए. एस. बिसेन (सेवानिवृत्त), कर्नल एस. रमेश, और ब्रिगेडियर विवेक शर्मा (विशिष्ट सेवा मेडल, सेवानिवृत्त) शामिल थे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story