साइकिल रैली का आयोजन: लोगों ने बढ़- चढ़कर लिया हिस्सा, नियमित साइकिलिंग का लिया संकल्प

Cycle Rally
X

साइकिलिंग करते हुए विधायक दीपेश साहू और अन्य प्रशासनिक अफसर  

बेमेतरा में विश्व सायकल दिवस के मौके पर फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को नियमित साइकिलिंग करने का संकल्प दिलाया गया।

सूरज सिन्हा- बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में विश्व सायकल दिवस के अवसर पर सायकल रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दीपेश साहू उपस्थित रहे। उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि, सबसे बड़ा धन स्वास्थ्य है। साइकिल चलाना न केवल हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं ईंधन बचत का भी सशक्त माध्यम है।


विधायक दीपेश साहू ने संबोधित करते हुए कहा कि, साइकिलिंग शरीर को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने में सहायक है। मोटापे को कम करने, हृदय स्वास्थ्य सुधारने और तनाव को कम करने में साइकिलिंग की अहम भूमिका है। साहू ने उपस्थित लोगों को नियमित साइकिलिंग का संकल्प दिलाया। इस दौरान एसपी रामकृष्ण साहू, नगरपालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी टेकचंद्र अग्रवाल, अपर कलेक्टर अनिल वाजपेयी, अजय साहू, पार्षद मौजूद रहे।

साइकिलिंग सेहत के लिए फायदेमंद - कलेक्टर
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि, स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन निवास करता है। प्रतिदिन आधा से एक घंटा साइकिलिंग करने से हृदय संबंधी रोगों की आशंका कम होती है और शरीर ऊर्जावान बना रहता है। वहीं नगरपालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि, इससे ट्रैफिक जाम और प्रदूषण की समस्याओं का समाधान भी मिलता है। साइकिलिंग को रोजमर्रा की आदतों में शामिल करने का आग्रह किया।


साइकिलिंग सामुदायिक समरसता का प्रतीक - एसपी
पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने साइकिलिंग को आत्मअनुशासन व सामुदायिक समरसता का प्रतीक बताया।उन्होंने कहा- साइकिलिंग न केवल एक उत्तम व्यायाम है, बल्कि यह आर्थिक रूप से भी किफायती साधन है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और साइकिलिंग को जन-आंदोलन का रूप देना रहा। इस दौरान लोगों ने स्वस्थ एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता सुनील झा ने किया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story