टोक्यो पहुंचे सीएम साय: ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर में दर्शन कर लिखा- प्रदेशवासियों के लिए मांगी समृद्धि और खुशहाली

CM Vishnudeo Sai
X

सीएम साय ने टोक्यो में असाकुसा मंदिर में दर्शन कर लिया आशीर्वाद

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने टोक्यो में ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद साय वर्ल्ड एक्सपो में शामिल होंगे।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय इन दिनों जापान देश की यात्रा पर हैं। इस दौरान साय ने टोक्यो में ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। साथ ही प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। उन्होंने इसकी तस्वीर भी सोशल मीडिया में साझा की है। जिसमें उन्होंने मंदिर की प्राचीनता के बारे में जिक्र किया है।

दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल जापान एवं दक्षिण कोरिया के दौरे पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित करना है। टोक्यो में 22–24 अगस्त को प्रतिनिधिमंडल जापानी उद्योगपतियों, व्यापार संघों और निवेशकों के साथ इन्वेस्टर कनेक्ट सेशंस और व्यावसायिक बैठकों में भाग लेगा।

वर्ल्ड एक्सपो में शामिल होंगे सीएम साय
ओसाका में 25–26 अगस्त को मुख्यमंत्री साय वर्ल्ड एक्सपो 2025 में शामिल होंगे और छत्तीसगढ़ में निवेश अवसरों पर विभिन्न हितधारकों से चर्चा करेंगे। दौरे का अंतिम चरण सियोल में 27–29 अगस्त को होगा। जहाँ निवेशक गोलमेज बैठकों, कोरिया की शीर्ष कंपनियों और व्यापार संघों से मुलाकात और सेक्टर-विशेष संवाद आयोजित किए जाएंगे।


वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ पर फोकस
ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो 2025 में भारत मंडपम अंतर्गत छत्तीसगढ़ पवेलियन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत, नवाचार की संस्कृति और उभरते भविष्य-उन्मुख क्षेत्रों को वैश्विक दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। पवेलियन को राज्य की अनूठी पहचान को दर्शाने के उद्देश्य से डिज़ाइन किया गया है। इसमें औद्योगिक विकास, नवीकरणीय ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी और सतत विकास जैसे प्रमुख फोकस क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

वैश्विक निवेशकों से करेंगे सीधे संवाद
अधिकारियों ने बताया कि, यह प्रदर्शनी पूरी दुनिया के लिए छत्तीसगढ़ के परिवर्तन और भविष्य की आकांक्षाओं की झलक प्रस्तुत करेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जापान और कोरिया के उद्योगपतियों, व्यापार संघों और वैश्विक निवेशकों से सीधे संवाद करेंगे, जिसका उद्देश्य दीर्घकालिक साझेदारियाँ स्थापित करना, नए व्यापारिक चैनल खोलना तथा प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में ज्ञान आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story