भाजपा का प्रशिक्षण शिविर: क्षेत्रीय और प्रदेश संगठन मंत्री ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, दलाई लामा के जन्मदिवस कार्यक्रम में की शिरकत

तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा के जन्मदिन शामिल हुए संगठन मंत्री
संतोष कश्यप- अंबिकापुर। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय संगठन और प्रदेश संगठन मंत्री मैनपाट पहुंचे। जहां पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय ने सांसद विधायक प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंत्री विधायक सांसद के रुकने और भोजन स्थल का भी जायजा लिया।
इस दौरान मैनपाट में तिब्बतियों ने अपने धर्म गुरु दलाई लामा का जन्मदिन धूम- धाम से मनाया। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय भी शामिल हुए। सभी ने केक काटकर दलाई लामा के जन्मदिन की बधाई दी।
7 से 9 जुलाई तक चलेगा शिविर
मैनपाट भाजपा का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में आयोजित किया जायेगा। यह प्रशिक्षण शिविर 7 जुलाई से 9 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान 7 जुलाई को उद्घाटन कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। तिब्बती कैंप नंबर 1 के कम्युनिटी हॉल में कार्यक्रम आयोजित होगा। रुकने वाले स्थल से मंत्री सांसद विधायक मिनी बस से कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। वहीं इस दौरान निजी वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
राष्ट्रीय नेतृत्व के पदाधिकारी होंगे शामिल
जन प्रतिनिधियों को यह बताया जाएगा कि पार्टी ने शून्य से शिखर तक का सफर किस तरह हासिल किया। हर दिन अलग-अलग सत्र होंगे जिसमें संगठन, सरकार से जुड़े वरिष्ठ नेता जन प्रतिनिधियों को प्रशिक्षित करेंगे। भाजपा पार्टी पदाधिकारियों और राष्ट्रीय नेतृत्व के द्वारा जन प्रतिनिधियों के लिए लगातार कार्यक्रमों को आयोजन कर रही है। तीन दिन के आयोजन में अलग-अलग सत्रों में पार्टी राष्ट्रीय नेतृत्व के पदाधिकारी अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही सरकार के कार्यों को लेकर लोगों तक कैसे पहुंचाए इसकी जानकारी देंगे।