भाजपा का प्रशिक्षण शिविर: नड्डा की सांसद-विधायकों को चेतावनी, भ्रष्टाचार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की सरगुजा के मैनपाट में चल रहे प्रशिक्षण वर्ग से बड़ी खबर मिल रही है। बताया जा रहा है कि, प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सांसद-विधायकों और मंत्रियों को बड़ी नसीहत दी है।
सूत्रों के मुताबिक, श्री नड्डा ने कहा है कि, व्यवहार ऐसा हो कि, जब जनता के बीच जाएं तो शर्मिंदगी महसूस न हो। जनता के बीच अपने आप को बड़ा महसूस न होने दें। साथ ही श्री नड्डा ने यह भी कहा कि, मीडिया में सोच- समझकर बयान दीजिए। उन्होंने कहा कि, कोई ऐसा बयान न दें जिससे पार्टी की छवि पर असर हो। अनावश्यक टिप्पणी करने से बचें।
सूत्रों के मुताबिक, सांसद-विधायकों को पार्टीध्यक्ष ने सख्त निर्देश दिया कि, भ्रष्टाचार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
पार्टीध्यक्ष ने सारगर्भित मार्गदर्शन दिया : किरण देव
उधर प्रशिक्षण वर्ग के शुभारम्भ पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बताया कि, तीन दिवसीय प्रशिक्षण की शुरुआत हुई है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का सारगर्भित मार्ग दर्शन विभिन्न विषयों पर मिला है। श्री देव ने बताया कि, सरकार की योजना, आगामी कार्यक्रम को लेकर मार्गदर्शन भी मिला है। उनका मार्गदर्शन मिला यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। बीजेपी का प्रशिक्षण विभिन्न सत्रों से होकर गुजरेगा, वरिष्ठ नेताओं का अलग- अलग विषयों पर मगर्दर्शन होगा।
जनता का भरोसा खो चुकी है कांग्रेस : किरण देव
वहीं श्री सिंह ने पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का अवतार बताए जाने पर टिप्पणी करते हुए श्री सिंह ने कहा कि, कांग्रेस अपनी इन्हीं क्रियाविधि के चलते सभी राज्यों से सिमटती जा रही है। जनता का विश्वास कांग्रेस खो चुकी है। उनकी इन्हीं गतिविधियों के चलते प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार की विदाई पांच साल में ही कर दी।
