बस्तर में आरटीओ की सख्ती: हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न लगाने वाले 22 वाहनों पर 17 हजार का जुर्माना, मचा हड़कंप

RTO imposed a fine of Rs 17 thousand
X

आरटीओ ने हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट न लगाने पर 22 वाहनों पर 17 हजार रुपये का जुर्माना किया


छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में आरटीओ ने हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट न लगाने पर 22 वाहनों पर 17 हजार रुपये का जुर्माना किया और 2019 से पहले के वाहनो में यह प्लेट अनिवार्य कर दी है।

महेंद्र विश्वकर्मा-जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में बस्तर जिले के जगदलपुर क्षेत्र के वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगाने के लिए आरटीओ सुबह से शाम तक सड़क पर उतर गए है। जिससे वाहन मालिकों और चालकों में हड़कंप मच गया है। इस दौरान एक ही दिन में आरटीओ ने संभागीय मुख्यालय से रायपुर, दंतेवाड़ा, कोटा, बीजापुर और ओड़ीसा रोड में वाहनों की जांच की, जिसमें 22 वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट नहीं होने पर 17 हजार रूपए का जुर्माना किया।

मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षा के मद्देनजर 2019 के पहले के सभी दो पहिया, चार पहिया सहित अन्य सभी प्रकार के वाहनों का नंबर प्लेट बदलना अनिवार्य है। पुराने नंबर प्लेट की जगह अब हाई सिक्यूरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगाया जा रहा है। आरटीओ के अनुसार बस्तर जिले में डेढ़ लाख वाहनों में हाई सिक्यूरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगाया जाएगा। विभाग के दफ्तर में वाहन मालिकों के मोबाइल रजिस्ट्रेशन और प्लेट लगाने का काम शुरू हो चुका है। परिवहन विभाग (आरटीओ) से मिली जानकारी के अनुसार, सर्वोच्च न्यायालय दिल्ली के द्वारा सभी प्रकार के वाहनों में हाई सिक्यूरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाना अनिवार्य किया गया है।

हाई सिक्यूरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगाया जा रहा
इसके तहत 2019 के पहले के वाहनों में लगे नंबर प्लेट को बदलकर हाई सिक्यूरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगाया जा रहा है। यह प्लेट एल्युमीनियम से बनी होती है, इसमें वाहन की पूरी जानकारी देने वाला क्रोमियम आधारित होलोग्राम होता है। इसमें एक यूनिक लेजर कोड होता है, जिसे हटाना मुश्किल होता है, स्नैप लॉक होता है, जिससे इसे बिना अनुमति के नहीं बदला जा सकता। रेट्रो-ऱिलेक्टिव फिल्म होती है, जिससे कम रोशनी में भी वाहन आसानी से दिखता है, इससे वाहन चोरी रुकती है और चोरी होने पर वाहन आसानी से पकड़ा जा सकता है। इससे ट्रैफिक पुलिस को कानून-भंग करने वालों को पहचानने में आसानी होती है, इससे वाहन ट्रैकिंग और निगरानी बेहतर होती है, इससे वाहन पंजीकरण और कानून-पालन में सुधार होता है।

ब्लॉक मुख्यालय में लगेंगे काउंटर
कार्यालय के अनुसार बस्तर जिले में 3 स्थानों न्यायालय परिसर, तहसीलदार और आरटीओ कार्यालय परिसर में वाहनो में हाई सिक्यूरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगाने के लिए शिविर लगाया गया है। साथ ही जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालय में भी इसके लिए काउंटर लगाया जाएगा, जिससे वाहन मालिकों को परेशानी नहीं हो सके।

400 वाहनो का हो चुका पंजीयन
संयुक्त कलेक्टर और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी डीसी बंजारे ने बताया कि वाहनों में हाई सिक्यूरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगाने का काम जारी है। अब तक लगभग 400 वाहनों का रजिस्ट्रेशन और मोबाइल लिंक करने का काम हो चुका है। हाई सिक्यूरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट में वाहन स्वामी के पंजीकृत वाहन में मोबाइल नंबर अपडेट किया जा रहा है, इसमें अब तक लगभग 90 वाहनों का एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाया गया है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story