भाजपा महिला मंडल ने मंदिर में फैलाई गंदगी: तीज मिलन कार्यक्रम के बाद खाने के डिब्बे, पानी की बोतलें छोड़कर चलती बनीं

मंदिर परिसर में फैली गंदगी
X

मंदिर परिसर में फैली गंदगी

बलौदाबाजार जिले में भाजपा महिला मंडल के तीज मिलन कार्यक्रम के बाद सिद्धेश्वर मंदिर परिसर कचरे से पट गया। प्रतिबंधित होने के बावजूद कार्यक्रम हुआ।

कुश अग्रवाल - बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में नगर पंचायत पलारी में स्वच्छ भारत अभियान की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर भाजपा के ही कार्यक्रम में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इसकी अनदेखी की है।

जानकारी के अनुसार, भाजपा महिला मंडल ने पलारी के सिद्धेश्वर मंदिर परिसर, बालसमंद में तीज मिलन कार्यक्रम आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। जलपान की व्यवस्था भी की गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मंदिर परिसर में जगह-जगह नाश्ते के पैकेट, डिस्पोजल प्लेट, पत्तल, गिलास और प्लास्टिक की बोतलें बिखरी हुई देखी गईं। पूरा परिसर कचरे से पट गया।


प्रतिबंध के बावजूद तीज समारोह का आयोजन
विशेष बात यह है कि, सिद्धेश्वर मंदिर राष्ट्रीय पुरातात्विक तात्विक धरोहर के रूप में संरक्षित घोषित किया गया है। मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार के आयोजन पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद यहां तीज मिलन समारोह आयोजित किया गया और कार्यक्रम के बाद गंदगी फैलाई गई। स्थानीय लोगों ने इसे स्वच्छ भारत अभियान का मजाक बताते हुए कहा कि, जब सत्ता पक्ष के लोग ही सफाई के प्रति संवेदनशील नहीं हैं, तो आम जनता से क्या उम्मीद की जा सकती है।

पैर पखारकर स्वच्छता दीदियों का सम्मान
वहीं 12 अगस्त को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘स्वच्छता संगम’ में शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अहम योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों के पैर पखारकर उनका सम्मान किया। बिलासपुर के बहतराई इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छ सर्वेक्षण-2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में 260 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। उन्होंने घोषणा की कि, स्वच्छता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले नगरीय निकाय को एक करोड़ रुपए, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले को 50 लाख रुपए तथा तीसरा स्थान पाने वाले को 25 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

सीएम साय ने नगरीय प्रशासन विभाग को दी बधाई
मुख्यमंत्री साय ने ‘स्वच्छता संगम’ के सफल आयोजन के लिए नगरीय प्रशासन विभाग को बधाई देते हुए कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में हमारी सफाई दीदियों का योगदान अतुलनीय है, और आज उनके पैर पखारकर हमने उन्हें सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की थी। तब से हम निरंतर स्वच्छता के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए नई उपलब्धियां अर्जित कर रहे हैं और छत्तीसगढ़ ने इस दिशा में उल्लेखनीय सफलता पाई है। यह उपलब्धियां हमें और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि, नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न नवाचार लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ लहराने और प्रदेश को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए जनसहभागिता का आह्वान किया।

स्वच्छता में हमने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि, आज छत्तीसगढ़ के इतिहास का गौरवशाली दिन है। प्रधानमंत्री ने 2014 में स्वच्छता का बीड़ा उठाया और आज यह जन आंदोलन का रूप ले चुका है। स्वच्छता में प्रगति करते हुए हमने राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाई है और राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री से पुरस्कार प्राप्त किए हैं। हमारे नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर छह पुरस्कार प्राप्त होना गर्व की बात है। रायपुर नगर निगम को गार्बेज-फ्री सिटी में सेवन-स्टार रेटिंग मिली है। 20 हजार से कम जनसंख्या वाले शहरों में अकेले छत्तीसगढ़ के 58 शहरों को थ्री-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है। सोर्स सेग्रीगेशन और अपशिष्ट प्रबंधन में भी हमारे शहरों ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित की हैं। स्वच्छता के सभी मापदंडों पर छत्तीसगढ़ में तेजी से कार्य हो रहा है। हमारा उद्देश्य है कि हमारे शहर स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनें तथा स्वच्छता छत्तीसगढ़ की पहचान बने।

मुख्यमंत्री ने संपत्ति कर जमा करने का ऑनलाइन पोर्टल किया लॉन्च
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में तीन नगर निगम—बिरगांव, भिलाई-चरोदा और धमतरी—तथा 43 नगर पालिकाओं में ऑनलाइन संपत्ति कर जमा करने की सुविधा के लिए जीआईएस आधारित प्रॉपर्टी टैक्स लाइव पोर्टल का शुभारंभ किया। एक साथ 46 शहरों में ऑनलाइन संपत्ति कर भुगतान की यह सुविधा स्थानीय स्वशासन को आधुनिक बनाने और नागरिकों को घर बैठे सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे कर संग्रहण में भी तेजी आएगी। ‘स्वच्छता संगम’ में नगरीय निकायों में स्वच्छता और शहरी सौंदर्यीकरण के मानकों को ऊंचा उठाने के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया गया। मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर स्वच्छ सर्वेक्षण-2024-25 पर आधारित वीडियो का विमोचन किया।

63.57 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण, 197 करोड़ कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘स्वच्छता संगम’ में 260 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने बिलासपुर जिले में विभिन्न विभागों के 63 करोड़ 57 लाख रुपए की लागत के 24 निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण किया तथा 197 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 25 कार्यों का भूमिपूजन भी किया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story