पूर्व सैनिकों का अद्भुत समर्पण: अब सिविल डिफेंस में निभा रहे राष्ट्र सेवा में नई भूमिका

गंगा मइया मंदिर के दर्शन करते हुए एक्स इंडियन आर्मी
राहुल भूतड़ा - बालोद। देशभक्ति सिर्फ वर्दी तक सीमित नहीं होती। यह तो जीवन भर की साधना होती है। इसी भावना को जीवंत करते हुए अखिल भारतीय पूर्व सेना सेवा संगठन से जुड़े एक्स आर्मी के जवान बालोद जिले के प्रसिद्ध गंगा मइया मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मां गंगा मइया की पूजा-अर्चना कर भारत के सैनिकों की सकुशल वापसी और विजयी भविष्य की कामना की।

बालोद जिले में भारतीय पूर्व सेना सेवा संगठन से जुड़े एक्स आर्मी के जवान प्रसिद्ध गंगा मइया मंदिर पहुंचे। @BalodDistrict #ChhattisgarhNews pic.twitter.com/P76DKHizWh
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) May 10, 2025
एक्स इंडियन आर्मी के कंधों पर राष्ट्र सेवा का दायित्व
दरअसल, 9 मई को गृह मंत्रालय की ओर से एक अहम पत्र जारी हुआ है, जिसमें पूर्व सैनिकों को देशभर के 400 से अधिक जिलों में सिविल डिफेंस के तहत वॉलिंटियर के रूप में सेवा देने का आह्वान किया गया है। इस आदेश के बाद पूर्व सैनिकों ने एक बार फिर राष्ट्र सेवा का दायित्व अपने कंधों पर ले लिया है।


तनावग्रस्त हालातों से निपटने की ट्रेनिंग
भारत-पाक तनाव के बीच, अब एक्स आर्मी के जवान भी मैदान में सक्रिय हो चुके हैं। ये वीर अब सिविल डिफेंस की जिम्मेदार जगहों पर जाकर आम जनता को युद्ध जैसे तनावपूर्ण हालातों से निपटने की ट्रेनिंग दे रहे हैं। साथ ही, जिन परिवारों के सदस्य इस समय सीमा पर तैनात हैं, उन परिवारों से मिलकर उन्हें मानसिक व भावनात्मक संबल भी दे रहे हैं। इन सभी पूर्व सैनिकों से बात कर पता चला कि, उनके हौसले, समर्पण और देश के लिए अटूट प्रेम ने एक बात साफ कर दी है। एक सैनिक कभी रिटायर्ड नहीं होता, वह हर परिस्थिति में अपने देश के साथ खड़ा रहता है।
