रायपुर एयरपोर्ट पर हंगामा: व्यवसायी परिवार ने बुक की थी पूरी प्लेन, जाना था गोवा- रद्द हो गई फ्लाइट

File Photo
रायपुर। गुरुवार को राजधानी के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पूरे दिन गहमा-गहमी रही। गुरुवार को 11 फ्लाइट निर्धारित समय से एक से तीन घंटे देर रही। दो फ्लाइट रद्द हो गई। सुबह से फ्लाइट का इंतजार रहे लोगों का सब्र देर शाम अंततः टूट ही गया। इसके बाद एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा हुआ। स्टाफ संग वाद-विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई। रायपुर से कोलकाता जाने वाली फ्लाइट को सुबह 9 बजे उड़ान भरनी थी। इसी तरह गोवा जाने वाली फ्लाइट का निर्धारित समय 10 बजे था। दोनों ही फ्लाइट रद्द कर दी गई।
इसके अलावा दिल्ली जाने वाली पांच फ्लाइट, मुंबई जाने वाली तीन फ्लाइट, हैदराबाद जाने वाली दो फ्लाइट तथा बेंगलुरू जाने वाली एक फ्लाइट निर्धारित समय से एक से तीन घंटे की देरी पर उड़ान भर सकी। ये भी फ्लाइट इंडिगो की थी। विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों की हड़ताल के कारण यह स्थिति निर्मित हुई। कई यात्रियों ने इस लेट-लतीफी के कारण अपनी जरूरी मीटिंग तथा अन्य कार्य छूट जाने की बात कही। कुछ यात्री इस विलंब के कारण परेशान भी नजर आए। संभवतः पहली बार इस तरह की स्थिति निर्मित हुई, जब इतनी बड़ी संख्या में यात्री विमानों ने निर्धारित समय से विलंब से उड़ान भरी।
संगीत समारोह में होना था शामिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सर्वाधिक हंगामा गोवा जाने वाली फ्लाइट के रद्द होने पर हुआ। इस फ्लाइट की पूरी बुकिंग राजधानी के एक कारोबारी परिवार ने करवाई थी। इसके लिए 7 माह पूर्व अधिक राशि देकर पूरी फ्लाइट बुक की गई थी। गोवा में हो रहे विवाह समारोह के लिए इस फ्लाइट की बुकिंग की गई थी। गुरुवार को संगीत समारोह था। पुराने शेड्यूल के अनुसार फ्लाइट को सुबह उड़ान भरना था, लेकिन इसे रद्द कर दिया गया। यात्रियों से कहा गया कि उनके लिए फ्लाइट डायवर्ट कर वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है, लेकिन देर शाम तक ऐसा नहीं हो सका। इसके बाद शादी में तय समय पर नहीं पहुंच पाने से गुस्साए यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद अन्य विमान के यात्रियों ने भी अपना विरोध दर्ज कराना शुरू किया।
स्टाफ संग वाद-विवाद
स्टाफ और यात्रियों के मध्य इस दौरान वाद-विवाद की स्थिति भी निर्मित हो गई। स्टाफ यात्रियों को शांत करने का प्रयत्न करते रहे, लेकिन यात्री लगातार फ्लाइट के समय की जानकारी मांगते रहे। गौरतलब है कि किसी भी फ्लाइट की पर्सनल बुकिंग के लिए पर्याप्त समय पूर्व संपर्क करना होता है। इसके अलावा निर्धारिट टिकट दर से कुछ अधिक राशि का भुगतान भी करना होता है। निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद ही मल्टी सीट प्रदान की जाती है। सामान्यतः शादी अथवा अन्य समारोह जिसमें पूरा परिवार शामिल होने वाला हो, के लिए इस तरह बुकिंग की जाती है।
