बिलासपुर रेल हादसा: साय सरकार ने की सहायता राशि की घोषणा, मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को मिलेंगे 50 हज़ार

रेल हादसे के बाद साय सरकार ने की सहायता राशि की घोषणा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के पास मंगलवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया।मालगाड़ी और मेमू लोकल के डिरेलमेंट की इस घटना में 11 यात्रियों की मौत हुई है जबकि 20 यात्री घायल हुए हैं। इस घटना को सीएम विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के पास हुई ट्रेन दुर्घटना को अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक बताया है। उन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।
राज्य सरकार ने दुर्घटना में दिवंगत हुए यात्रियों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हज़ार की आर्थिक सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि, घायलों के समुचित एवं निःशुल्क इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है और जिला प्रशासन को तत्काल प्रभाव से राहत एवं बचाव कार्यों को तेज़ी से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार हर संभव मदद के लिए तैयार- सीएम साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि, जिला प्रशासन और रेलवे की टीमें राहत और बचाव कार्य में पूरी तत्परता से जुटी हुई हैं। घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है तथा हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
