सरगुजा में गिरा पारा: उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर, टूटा 57 साल का रिकॉर्ड

सरगुजा में गिरा पारा : उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर, टूटा 57 साल का रिकॉर्ड
X

File Photo 

सरगुजा इन दिनों शीतलहर की चपेट में है। हिमालय से टकराकर आ रही बर्फीली हवाओं ने तापमान को पिछले 57 सालों के रिकॉर्ड में सबसे निचले स्तर पर पहुंचा दिया है।

अंबिकापुर। सरगुजा इन दिनों शीतलहर की चपेट में है। हिमालय से टकराकर आ रही बर्फीली हवाओं ने तापमान को पिछले 57 सालों के रिकॉर्ड में सबसे निचले स्तर पर पहुंचा दिया है। तापमान में आई भारी गिरावट ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। रविवार को भी सरगुजा का न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस कम 6.2 डिग्री पर पहुंच गया है, इसके साथ ही आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है।

बता दें कि, सरगुजा में इन दिनों भीषण शीतलहर की चपेट में है। इन दिनों पश्चिमोत्तर हवा निर्बाध रूप से चल रही है जो हिमालय से टकराकर मध्य भारत, उत्तर भारत के बाद अब विदर्भ तक पहुंच रही है। हिमालय से टकराकर आ रही बर्फीली हवाओं ने पूरे सरगुजा को अपनी चपेट में ले लिया है और उत्तर छत्तीसगढ़ में इसका ज्यादा प्रभाव नजर आ रहा है।

हवा की आद्रता में भी आई गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार , पश्चिमोत्तर से शुष्क और ठंडी हवा लगातार आ रही है। हवा में नमी की मात्रा कम हो गई है। हवा में नमी की मात्रा 30 प्रतिशत से भी नीचे चली गई है जबकि हवा की आद्रता में भी गिरावट आई है। आद्रता कम होने के कारण भी हवा ठंडी है।

बड़ी बात यह है कि, आसमान पूरी तरह से साफ है और किसी प्रकार का कोई व्यवधान नहीं है और यही वजह है कि पिछले चार पांच दिनों से न्यूनतम तापमान में गिरावट का क्रम निरंतर जारी है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 6.2 सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञानी अक्षय मोहन भट्ट ने बताया कि पिछले 57 वर्षों के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 21 नवंबर तक की स्थिति में न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस कम है।

बर्फीली हवाओं ने गिराया पारा
शनिवार को अधिकतम तापमान 26.7 व न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया था। ऐसे में 24 घंटे के अंदर न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने और हिमालय की ओर से बर्फीली हवाओं के निरंतर आने से ठंड का सिलसिला जारी रहने की बात कही जा रही है और फिलहाल लोगों को भीषण शीतलहर का सामना करना पड़ेगा।

कई राज्यों में बढ़ी ठिठुरन
शीतलहर ने मैदानी राज्यों में ठिठुरन बढ़ा दी है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा और बिहार-झारखंड में ठंड बढ़ गई है। बीते चौबीस घंटे में 2 से 3 सेल्सियस तक पारा लुढ़क गया है। राजस्थान के सीकर फतेहपुर में 5 और सीकर में 5.4 सेल्सियस दर्ज किया है।

मध्यप्रदेश के 4 जिलों में पारा 10 डिग्री के नीचे चल रहा है। रीवा और नौगांव में पारा 7 के आसपास चल रहा है। इधर,हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में पारा शून्य या उससे नीचे दर्ज किया गया। ताबो में सबसे कम तापमान माइनस 6.6 रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली में ठंड के साथ-साथ प्रदूषण का लेवल बढ़ गया है। रविवार सुबह 8.30 बजे तक एक्यूआई लेवल 450 से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story