लैंडिंग से ठीक पहले तकनीकी खराबी: दिल्ली से रायपुर आ रही फ्लाइट भुवनेश्वर डायवर्ट, भड़के यात्री

लैंडिंग से ठीक पहले तकनीकी खराबी : दिल्ली से रायपुर आ रही फ्लाइट भुवनेश्वर डायवर्ट, भड़के यात्री
X

File Photo 

दिल्ली से रायपुर आ रहे इंडिगो की फ्लाइट कुछ मिनट के अंतराल में रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड करने ही वाली थी कि इसे भुवनेश्वर मोड़ दिया गया।

रायपुर। दिल्ली से रायपुर आ रहे यात्रियों में गुरुवार को हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। इंडिगो की फ्लाइट कुछ मिनट के अंतराल में रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड करने ही वाली थी कि इसे भुवनेश्वर मोड़ दिया गया। सूत्रों के मुताबिक लैंडिंग के ठीक पहले आई तकनीकी खराबी के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तत्काल डायवर्शन का निर्णय लिया। अचानक लिए गए इस निर्णय से यात्रियों में हड़कंप की स्थिति बन गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्री पूर्णतः सुरक्षित हैं। दिल्ली से रायपुर आने वाली फ्लाइट को सुबह करीब 9 बजे रायपुर एयरपोर्ट में लैंड करना था, लेकिन भुवनेश्वर होते हुए आने के कारण यह 12.48 को पहुंची। इसमें 178 यात्री सवार थे।

फ्लाइट को भुवनेश्वर डायवर्ट किए जाने के कारण रायपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी विलंब हुआ और समस्याओं का सामना करना पड़ा। दर असल, जो फ्लाइट दिल्ली से रायपुर आने वाली थी, उसे ही रायपुर से पुनः दिल्ली वापस जाना था। चूंकि यह फ्लाइट दिल्ली से सीधे रायपुर आने के स्थान पर भुवनेश्वर मोड़ दी गई इसलिए वहां से रायपुर आने में इसे विलंब हुआ। रायपुर में विलंब से पहुंचने के कारण फ्लाइट ने दिल्ली के लिए देर से उड़ान भरी। जिस फ्लाइट को 11.45 के करीब दिल्ली के पहुंचना था, वह दोपहर 3.15 बजे पहुंची।

नहीं दे सके जानकारी
जानकारी के अनुसार, सुबह 9:15 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट नंबर 6E6476 इस तकनीकी दिक्कत के चलते प्रभावित रही। कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट, मीटिंग्स और महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हुए, जिसके चलते गुस्सा और नाराजगी साफ दिखाई दी। यात्री लगातार एयरलाइन से नई समय-सारणी की जानकारी मांगते रहे, लेकिन इंडिगो या एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से उड़ान के संशोधित समय की यात्रियों को पहले से सूचना नहीं दी जा सकी।

सितंबर में फेल हुआ था नेविगेशन सिस्टम
रायपुर एयरपोर्ट में तकनीकी खराबी का ग्रहण हट नहीं रहा है। कुछ दिनों पूर्व रायपुर एयरपोर्ट का नेविगेशन सिस्टम ही फेल हो गया था। इसके कारण रायपुर से आने-जाने वाली सभी फ्लाइट प्रभावित रही थी। दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु और इंदौर जैसे बड़े शहरों में जाने वाली फ्लाइट पूरे दिन प्रभावित रही थी। सितंबर माह में भी यात्रियों को परेशानी करना पड़ा था। औसतन, प्रत्येक दूसरे माह किसी ना किसी तकनीकी खराबी अथवा अन्य वजहों से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story