शिक्षिका दीप्ति मिश्रा गंडेचा का सम्मान: शिक्षक दिवस पर राजभवन में आयोजन, राज्यपाल रमेन डेका ने किया सम्मानित

राज्यपाल रमेन डेका ने शिक्षकों को सम्मानित किया
श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। राजिम से लगे कोमा के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में पदस्थ लोकप्रिय शिक्षिका दीप्ति मिश्रा गंडेचा को 5 सितंबर शुक्रवार को राजभवन में सम्मानित किया गया। महामहिम राज्यपाल रमेन डेका ने उत्कृष्ट शिक्षक के रूप में राज्यपाल पुरस्कार से दीप्ति मिश्रा गंडेचा को सम्मानित किया।
ज्ञात हो कि, शिक्षिका दीप्ति मिश्रा गंडेचा गणित विषय का नवाचार के माध्यम से अध्यापन, शैडो टीचर्स डे, खेल एवं गतिविधि आधारित गणित शिक्षा, जीवन परक ज्ञान देते हुए बेटियों के ऊपर विशेष ध्यान रखती हैं। शैडो टीचर डे ऐसा नवाचार है, जिसमें सप्ताह में एक दिन बच्चे खुद शिक्षक बनते हैं। इससे गणित पढ़ने के स्थान पर पढ़ाने से दिमाग में सब्जेक्ट स्थाई होता है। पढ़ाने के लिए बच्चे पूरी तरह विषय को सीखकर आते हैं, और इस गतिविधि से बच्चों में आत्मविश्वास भी बढ़ता है। इसके साथ ही वे चित्र कार्ड, खेल आधारित अध्यापन, प्रोजेक्ट वर्क आदि के माध्यम से गणित विषय को रुचिकर बनाती हैं।

हेल्पिंग यंग वुमेंस ग्रुप की संयोजिका
उल्लेखनीय है कि, यह शिक्षिका दीप्ति मिश्रा गंडेचा नवापारा शहर में हेल्पिंग यंग वुमेंस ग्रुप की संयोजिका भी हैं। जिसके माध्यम से उन्होंने सभी धर्मो की मातृशक्तियों को जोड़कर रखा है। यह ग्रुप समय समय पर तरह-तरह के सामाजिक कार्य जैसे बालिकाओं को रेनकोट, निर्धन परिवार को राशन, कंबल, चप्पल वितरण करते रहते हैं। मालूम हो कि, दीप्ति राजिम के सुप्रसिद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. कुंजलाल मिश्रा की पोती- स्व. प्रफुल्ल मिश्रा की बेटी एवं महिला बाल विकास अधिकारी सुमीत गंडेचा की धर्मपत्नी हैं।
पहले भी कई संस्थाएं कर चुकी हैं सम्मान
गौरतलब है कि, इसके पूर्व भी दीप्ति को शहर के अनेक संस्थाओं द्वारा पूर्व में भी सम्मानित किया जा चुका है। शिक्षक दिवस के अवसर पर राजभवन के इस कार्यक्रम में राज्यपाल रमन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के करकमलों से इन्हें सम्मान प्राप्त हुआ। जिसमें प्रतीक चिह्न, प्रमाण पत्र और 21,000 रुपए का चेक प्रदान किया गया।
इन्होंने दीं शुभकामनाएं
दीप्ति को मिले सम्मान से मां केशरलता मिश्रा, चंदा-ललित गंडेचा, दीपेश गंडेचा, श्वेता-गिरीश दीवान, रचना-हिमांशु दुबे, प्रेरणा-अभिषेक तिवारी, विधायक रोहित साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगर पंचायत राजिम के अध्यक्ष महेश यादव, पार्षद तुषार कदम, नगर पालिका नवापारा के अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, डॉ. राजेंद्र गदिया, खंड शिक्षा अधिकारी रामेंद्र जोशी, बीआरसी सुभाष शर्मा, एसओ श्याम चंद्राकर, पूर्व पार्षद प्रसन्न शर्मा, राजिम मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, भाजपा नेता सोमनाथ पटेल, राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू, मुकुंद मेश्राम, हरिभूमि की ओर से पत्रकार श्यामकिशोर शर्मा, साथी शिक्षकगण एवं वुमेंस ग्रुप की महिलाओं सहित गुजराती महिला मंडल, गुजराती समाज एवं ब्राह्मण समाज ने बधाई देते हुए शुभकामना व्यक्त की है।
