शराब पीकर विवाद करता था पिता: बेटे ने गमछे से गला घोंटकर ले ली जान

कोतवाली पुलिस थाना सूरजपुर
नौशाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की गमछा से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पसला की है। मृतक की पहचान दसरू सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक दसरू सिंह शराब का आदी था और नशे की हालत में घर में अक्सर विवाद करता था। शनिवार देर रात भी उसने शराब पीकर घर में हंगामा किया था। जिससे परेशान होकर उसके बेटे ने गुस्से में यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मार्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पति-पुत्र ने की थी महिला की हत्या
वहीं 24 सितंबर को राजधानी रायपुर में डेढ़ वर्ष पुरानी हत्या के रहस्य से आखिरकार पर्दा उठ गया है। खमतराई थाना पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतका के पति और पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने महिला का दबाकर हत्या की थी और मामले को छिपाने की कोशिश की थी। डीएनए टेस्ट के आधार पर सच्चाई सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।
आरोपियों ने की थी पुलिस को गुमारह करने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, मृतका कांति साहू की हत्या उसके ही पति डोमर साहू और पुत्र धरम राज साहू ने मिलकर की थी। घटना के समय आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी, लेकिन सबूतों के अभाव में मामला ठंडा पड़ गया था। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने डीएनए जांच कराई, जिसमें दोनों आरोपियों की संलिप्तता साबित हो गई।
अवैध संबंध के शक में पुजारी की हत्या
वहीं 1 सितंबर को बिलासपुर में हुए पुजारी की निर्मम हत्या मामले में बड़ा खुलासा हुआ था। पत्नी के साथ अवैध संबंध होने के शक में एक युवक ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर पुजारी की बेरहमी से हत्या की थी। पुलिस ने 12 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझा दी है। मामले में पांच लोगों पर हत्या का आरोप है इनमें से चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
पति ने रिश्तेदारों संग मिलकर घटना को दिया अंजाम
दरअसल, तखतपुर क्षेत्र के पाठ बाबा मंदिर के पुजारी जागेश्वर पाठक (30) का आरोपी सुरेश धुरी की पत्नी से प्रेम संबंध था। इसी वजह से 6 महीने पहले सुरेश और उसकी पत्नी का सामाजिक तलाक भी हो चुका था। जिसके बाद से ही महिला के पति के मन में पुजारी के प्रति रंजिश पल रहा था। इसी बीच सुरेश ने बुधवार देर रात दोस्तों के साथ मिलकर पुजारी को मोटरसाइकिल की पूजा का बहाना बनाकर बाहर बुलाया। इसके बाद ईंट और सस्पेंशन पाइप से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।
धमतरी से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
एएसपी ग्रामीण अर्चना झा, एसडीओपी कोटा और तखतपुर थाना टीम के साथ ACCU की संयुक्त कार्रवाई से पुलिस ने हत्या के महज 12 घंटे बाद ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया है। वहीं धमतरी पुलिस की मदद से मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
