धान खरीदी केंद्रों में पहुंचे कलेक्टर: देखी व्यवस्थाएं, किसानों को हरसंभव सुविधाएं मुहैया कराने के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान की तस्वीर
लीलाधर राठी- सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कलेक्टर अमित कुमार ने धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया, व्यवस्थापन और किसानों को दी जा रही सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि, शासन की मंशा के अनुरूप धान खरीदी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और सुचारु ढंग से संचालित होनी चाहिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर कुमार ने केंद्र में कार्यरत हमालों की उपलब्धता, बारदाना की व्यवस्था, धान मापन के लिए उपयोग किए जा रहे यंत्रों की स्थिति और टोकन प्रणाली के संचालन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि, सभी व्यवस्थाएं समय पर और नियमानुसार सुनिश्चित की जाएं, जिससे खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार का अवरोध न आए।

केंद्र में पर्याप्त तैयारी रखने के दिए निर्देश
कलेक्टर कुमार ने पंजीयन गोस्वारा को सप्ताह के अंत तक नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश देते हुए कहा कि, खरीदी से संबंधित सभी आंकड़े अद्यतन और सत्यापित होने चाहिए। उन्होंने असमय बारिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए केंद्र में पर्याप्त तैयारी रखने के निर्देश दिए, ताकि धान खराब न हो और किसानों को नुकसान से बचाया जा सके। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, धान की सुरक्षित भंडारण व्यवस्था, तिरपाल एवं शेड की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

किसानों के इन सुविधाओं का विशेष ध्यान
कलेक्टर अमित कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि केंद्र में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। किसानों के लिए बैठने, पानी और छांव जैसी बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित
खाद्य अधिकारी श्री जयवर्धन ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि, सुकमा धान खरीदी केंद्र में कुल 1,876 किसानों का पंजीयन किया गया है। इनमें से अब तक 279 किसानों से 16,658 क्विंटल धान की खरीदी पूर्ण की जा चुकी है। वहीं, केंद्र से 3,800 क्विंटल धान का उठाव भी हो चुका है। उन्होंने बताया कि, खरीदी एवं उठाव की प्रक्रिया निरंतर जारी है। निरीक्षण के दौरान धान खरीदी से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

