शिकारियों पर एक्शन: जंगली सूअर का शिकार करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

बरमकेला रेंज
दीपक देवराज- सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ जिले के अभ्यारण्य क्षेत्र में वन्य प्राणियों के अवैध शिकार की घटनाएँ थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी क्रम में वन विभाग की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। बरमकेला वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान दो शिकारियों को जंगली सूअर का शिकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पठारिपाली गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात बरमकेला रेंज के अंतर्गत आने वाले जंगल क्षेत्र में वन विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगली प्राणियों के शिकार कर घर लाए हुए हैं। जिसकी सूचना मिलते ही वन अमला सक्रिय हुआ और पठारीपाली जाकर घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को जंगली सूअर का शिकार कर घर मे मांस को काटते हुए पकड़ लिया गया। टीम ने आरोपियों के पास से देशी हथियार, धारदार औजार, टॉर्च और शिकार में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शिकार की बात स्वीकार की है। वन विभाग ने दोनों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बरमकेला वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान दो शिकारियों को जंगली सूअर का शिकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पठारिपाली गांव के निवासी हैं। pic.twitter.com/nrxBNpHtA3
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) October 23, 2025
वन परिक्षेत्र अधिकारी ने दी मामले की जानकारी
बरमकेला वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में जंगली प्राणियों के शिकार की सूचनाएँ मिल रही थीं। टीम लगातार निगरानी में थी, जिसके बाद यह कार्रवाई संभव हो पाई। उन्होंने कहा कि, जंगल और वन्यजीव हमारे पारिस्थितिक संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, इसलिए इस प्रकार की अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वन विभाग ने लोगों से सूचना देने की अपील
विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी जंगल में संदिग्ध गतिविधि या शिकार की जानकारी मिले तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें। ताकि, वन्यजीवों की रक्षा और संरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
