आरएसएस का घर-घर संपर्क अभियान: बताएंगे संघ के कार्य, भेंट करेंगे भारत माता की तस्वीर

File Photo
रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का यह शताब्दी वर्ष है। इसके लिए कई कार्यक्रम तय किए गए हैं। इस माह 15 दिनों तक प्रदेश में दो हजार स्थानों पर पंथ संचलन का कार्यक्रम किया गया है। सबसे अहम प्रदेश के सभी हिंदू परिवारों के घरों तक जाने का कार्यक्रम है। एक नवंबर से घर-घर संपर्क अभियान प्रारंभ होगा जो माहभर चलेगा। प्रदेश के सभी हिंदू घरों तक स्वयंसेवक जाएंगे। लोगों को आरएसएस के बारे में बताने के साथ ही सभी को भारत माता की तस्वीर भेंट की जाएगी। इसके बाद दिसंबर में हिंदू सम्मेलनों का आयोजन होगा।
इसमें आरएसएस के 1601 मंडल और शहरी क्षेत्रों की 666 बस्तियां शामिल हैं। इन सम्मेलनों में साधु, संतों के साथ समाज के प्रमुखों का मार्गदर्शन मिलेगा। इसी के साथ सालभर लगातार कार्यक्रम होंगे। आरएसएस ने अपने शताब्दी वर्ष में सालभर के लिए कार्यक्रम तय किए हैं। इसका आगाज विजयादशमी से किया गया। विजयादशमी पर आरएसएस हमेशा से पथ संचलन का आयोजन करता है। इस बार दो अक्टूबर को विजयादशमी से लेकर 15 अक्टूबर तक प्रदेश में दो हजार स्थानों पर पथ संचलन का कार्यक्रम किया गया। ऐसा पहली बार हुआ है, जब पंथ संचलन का कार्यक्रम पखवाड़े भर चला है।
घर-घर जाएंगे, देंगे भारत माता की तस्वीर
एक नवंबर से घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश के घर गांव के हिंदू परिवारों के घरों तक स्वयंसेवक जाएंगे और उनको आरएसएस के सौ सालों में किए गए कार्यों के बारे में जानकारी देंगे। लोगों को संघ का साहित्य भी वितरित किया जाएगा। इसमें एक सशुल्क 15 रुपए की पुस्तक भी होगा, जो इसको लेना चाहेंगे उनको पुस्तक शुल्क लेकर दी जाएगी। सबसे अहम सभी घरों में भारत माता की तस्वीर निःशुल्क दी जाएगी। इस संपर्क अभियान के माध्यम से लोगों को संघ से जोड़ने का काम किया जाएगा। इसी के साथ संघ की शाखाओं का भी प्रदेश में विस्तार किया जाएगा। इस समय प्रदेश में 1855 शाखाएं हैं।
युवा सम्मेलन और गोष्टी
कार्यक्रमों की कड़ी में जनवरी में युवाओं के लिए युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 221 स्थानों पर होगा। इसमें 152 खंड और 69 नगर शामिल हैं। इसमें युवाओं की समस्याओं को भी जानने के साथ उनका निदान कैसे हो इस पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा मार्च में एक अलग तरह का आयोजन प्रमुख जन गोष्ठी होगी। इसमें अलग-अलग वर्गों के प्रमुख शामिल होंगे। जैसे ऑटो, ट्रक, टैक्सी के वाहन चालक। किसान, वकील, व्यापारी इनके प्रमुखों को बुलाकर एक मंच दिया जाएगा।
हर हिंदू परिवार के घर जाएंगे
प्रांत संघचालक टोपलाल वर्मा ने बताया कि, घर-घर संपर्क अभियान में प्रदेश के हर हिंदू के घर तक जाएंगे। इस कार्यक्रम में सर्व समाज का भी सहयोग लिया जाएगा।
दिसंबर में होंगे हिंदू सम्मेलन
आरएसएस ने हिंदू समाज को संगठित करने के लिए ही देश भर में हिंदू सम्मेलन आयोजित करने का फैसला किया है। छत्तीसगढ़ में आरएसएस के 1601 मंडल हैं। ये मंडल प्रदेश के 19 हजार से ज्यादा गांवों को मिलाकर बनाए गए हैं। एक मंडल में आठ से दस गांवों का रखा गया है। अब हर मंडल में हिंदू सम्मेलन होंगे। इसी के साथ शहरी क्षेत्रों में 666 बस्तियां हैं। इनमें भी हिंदू सम्मेलन होंगे। प्रांत संघ चालक टोप लाल वर्मा ने बताया, हिंदू सम्मेलन करने का मकसद समाज को संगठित करना है। सम्मेलनों में मंडलों से जुड़े गांवों के लोगों को एक मंच पर लाएंगे। सम्मेलन में साधु, संतों के साथ विभिन्न समाज से जुड़े लोग भी शामिल होंगे। इसमें इनका मार्गदर्शन मिलेगा।
