सड़क किनारे क्रिकेटर का शव मिलने से हड़कंप: हादसे की आशंका, हॉस्पिटल में नहीं मिला डॉक्टर, भटकते रहे परिजन

सकड़ किनारे झाड़ियों में मिला युवक का शव
मयंक शर्मा- कोतबा/ जशपुर। छत्तीसगढ़ के कोतबा के मंडी प्रांगण के पास रविवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कोतबा के वार्ड क्रमांक 15, बैगाबहार निवासी रविप्रकाश तिर्की (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो क्षेत्र के एक बेहतरीन युवा क्रिकेटर भी थे। पुलिस ने प्रथम दृष्ट्या इसे सड़क दुर्घटना का मामला बताया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 7 बजे कोतबा निवासी कमलेश साहू मॉर्निंग वॉक से लौट रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे झाड़ियों मे एक अज्ञात युवक के शव पर गई। युवक मुंह के बल गिरा हुआ था, उसकी मोटरसाइकिल नीचे खेत मे नीचे गिरी हुई थी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना कोतबा पुलिस को दी।

सड़क हादसे की जताई जा रही आशंका
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कोतबा के वार्ड 15 बैगाबहार निवासी रविप्रकाश तिर्की उम्र 32 वर्ष पिता तेजराम तिर्की के रूप में की। आशंका जताई जा रही है कि, देर रात बाइक अनियंत्रित होकर झाड़ियों में जा गिरी, जिससे यह हादसा हुआ। परिजनों ने बताया कि रविप्रकाश शनिवार शाम 4 बजे कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

अस्पताल में डेढ़ माह से डॉक्टर नहीं, पोस्टमार्टम का इंतजार करते रहे परिजन
हादसे के दुःख के बीच परिजनों को स्वास्थ्य व्यवस्था की लचर हालत का भी सामना करना पड़ा। कोतबा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिछले डेढ़ माह से डॉक्टर विहीन है। परिजन सुबह से शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में इंतजार करते रहे, लेकिन डॉक्टर न होने के कारण दिनभर शव पड़ा रहा। अंत में, परिजनों और स्थानीय लोगों की मिन्नतों के बाद पत्थलगांव से डॉ. विनोद पैंकरा को बुलाया गया। शाम 4 बजे डॉक्टर के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो सकी। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा गया और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
