नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुशासन की दस्तक: कलेक्टर और एसपी ने स्वास्थ्य, शिक्षा और राशन वितरण व्यवस्था का किया निरीक्षण

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुशासन की दस्तक: कलेक्टर और एसपी ने स्वास्थ्य, शिक्षा और राशन वितरण व्यवस्था का किया निरीक्षण
X

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर और एसपी

सुकमा जिले के अंतिम छोर तक प्रशासनिक अमला पहुँचा रहा है। कलेक्टरऔर एसपी ने स्वास्थ्य, शिक्षा और राशन व्यवस्था का निरीक्षण किया।

लीलाधर राठी- सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के अंतिम छोर तक प्रशासनिक अमला पहुँचा रहा है। कलेक्टर अमित कुमार और पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने विकासखंड कोंटा के दूरस्थ ग्राम पिड़मेल, भेज्जी, डब्बाकोंटा का दौरा कर शासकीय संस्थानों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया।

इस निरीक्षण के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि, दूरस्थ क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पारदर्शी रूप से पहुंचे।


स्वास्थ्य, शिक्षा और पीडीएस व्यवस्था की हुई गहन जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्राम पिड़मेल में उप स्वास्थ्य केंद्र, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन एवं प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। प्राथमिक शाला में बच्चों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। शिक्षकों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम डब्बाकोंटा में उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उपचाररत मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता एवं चिकित्सकीय सेवाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।


ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं की ली जानकारी
कलेक्टर और एसपी ने ग्रामीणों से सीधे चर्चा कर प्रधानमंत्री आवास योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, महतारी वंदन योजना सहित शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखे।


बस का औचक निरीक्षण किया
इसके साथ ही अरहनपुर से कोंटा जा रही यात्री बस का औचक निरीक्षण किया गया, जहां किराया सूची, यात्री सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच कर यात्रियों से फीडबैक लिया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुकुन्द ठाकुर और वनमंडलाधिकारी अक्षय कुमार भोंसले भी उपस्थित थे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story