दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार: काम के बहाने बुलाकर नाबालिग को बनाया हवस का शिकार

आरोपी गिरफ्तार
कुलजोत सिंह संधु- फरसगांव। छत्तीसगढ़ के फरसगांव पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि, आरोपी ने नाबालिग लड़की को काम का बहाना बनाकर उसे खेत के पास बुलाया और हवस का शिकार बनाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर को पेट दर्द की शिकायत पर पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। जांच में डॉक्टरों ने पीड़िता को आठ माह का गर्भवती बताया। इसके बाद पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि, 2 दिसम्बर 2024 को सोनाबेड़ा निवासी 26 वर्षीय देवनाथ नेताम ने काम का बहाना बनाकर उसे खेत के पास बुलाया और वहां नाबालिग होने के बावजूद उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कई बार उसने जबरन दुष्कर्म किया। डर के कारण पीड़िता ने परिजनों से घटना से बात छुपाए रखी।
आरोपी गिरफ्तार
इसके बाद परिजनों ने फरसगांव थाना में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव वाय अक्षय कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल एवं एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजय सिन्दे के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी को सोनाबेड़ा प्लाटपारा से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। सबूतों के आधार पर उसे 2 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
