'my bag-my style' कार्यक्रम: एसपी अंकिता शर्मा सहित समाज की महिलाओं ने कपड़े की थैली बांटकर दिया बढ़ावा

एसपी अंकिता शर्मा सहित सामाज की महिलाओं ने कपड़े की थैली को दिया बढ़ावा
X

my bag-my style कार्यक्रम 

जीतो राजनांदगांव लेडीज़ विंग द्वारा अपने प्रमुख प्रकल्प 'सक्षम' के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण को समर्पित 'my bag-my style' अभियान का सफल आयोजन हाट बाजार में किया गया।

राजनांदगांव। जीतो राजनांदगांव लेडीज़ विंग द्वारा अपने प्रमुख प्रकल्प 'सक्षम' के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण को समर्पित 'my bag-my style' अभियान का सफल आयोजन हाट बाजार में किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वे जन्मदिवस के उपलक्ष्य में जीतो परिवार द्वारा उपहार के रूप में प्लास्टिक फ्री भारत की शुरुआत के उद्देश्य से प्लास्टिक के उपयोग को कम करना तथा कपड़े की थैलियों को अपनाने हेतु आमजन को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से दैनिक जीवन में प्लास्टिक के बहिष्कार एवं पर्यावरण–अनुकूल विकल्पों को अपनाने का सशक्त संदेश दिया गया। अभियान के अंतर्गत जीतो लेडीज़ विंग की 15 सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। विशेष रूप से जरूरतमंद महिलाओं से पुराने कपड़ों से थैलियाँ सिलवाकर Best Out of Waste की भावना को साकार किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ महिला स्वावलंबन को भी प्रोत्साहन मिला। अभियान के दौरान इन आकर्षक एवं पुनः उपयोग योग्य कपड़े के लगभग 400 थैलों का वितरण किया गया। जिससे 'प्लास्टिक से जंग, जितो के संग' का संदेश प्रभावी रूप से जन–जन तक पहुँचा।


महिला पदाधिकारियों की रही भागीदारी
यह आयोजन अध्यक्षा रुचि ललवानी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ l कार्यक्रम की संयोजिका श्रुति नवलखा रहीं, जिन्हें सह–संयोजिका नेहा कोटड़िया का सहयोग प्राप्त हुआ। अभियान को जीतो रायपुर चैप्टर का भी प्रोत्साहन मिला, जिससे क्षेत्रीय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण हेतु सहयोग को बल मिला। कार्यक्रम की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन ने 'my bag-my style' जैसी पहल को समय की आवश्यकता बताते हुए जीतो राजनांदगांव लेडीज़ विंग के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।


नागरिकों, दुकानदारों एवं महिलाओं की रही भागीदारी
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कपड़े की थैलियों को अपनाने जैसे छोटे-छोटे जीवनशैली परिवर्तन सामूहिक रूप से पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। कार्यक्रम में नागरिकों, दुकानदारों एवं महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। 'my bag-my style' के माध्यम से जीतो राजनांदगांव लेडीज़ विंग ने एक बार फिर सतत विकास, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story