राजनांदगांव को बड़ी सौगात: 9.50 करोड़ की लागत से बनेगा सिंथेटिक ट्रैक, हॉकी टर्फ बदलने पर खर्च होंगे 6 करोड़

File Photo
राजनांदगांव। खेलनगरी के नाम से प्रख्यात राजनांदगांव को बड़ी सौगात मिली है। विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के प्रयास से राजनांदगांव में खेल की दिशा में लगभग साढ़े पंद्रह करोड़ रुपए खर्च होने जा रहे हैं। इनमें 9 करोड़ की लागत से नवागांव में सिंथेटिक ट्रैक, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ बदलने के लिए लगभग छह करोड़ और उसी परिसर में लॉन टेनिस कोर्ट के सुधार के लिए पचास लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी। इन सभी काम के लिए बजट को लेकर प्रशासकीय स्वीकृति भी मिल गई है।
उल्लेखनीय है कि, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ बदलने की मांग पिछले पांच से छह सालों से लगातार की जा रही थी टर्फ की दयनीय स्थिति के चलते यहां होने वाली अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता पर भी असर देखने को मिल रहा था। देशभर से आने वाले नामी खिलाड़ी टर्फ की खराब स्थिति को देखकर खेलने से बचते नजर आ रहे थे, लेकिन अब टर्फ बदले जाने के बाद प्रतियोगिता की भी रौनक बढ़ जाएगी। वहीं सिंथेटिक ट्रैक की मांग भी लंबे समय से की जा रही थी।
खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात
विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि, राजनांदगांव के जनप्रतिनिधि के रूप में इस महत्वपूर्ण स्वीकृति हेतु मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरूण साव तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। यह स्वीकृति हमारे युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने, उनके कौशल को निखारने तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा हेतु मजबूत मंच प्रदान करने में सहायक होगी
सुविधाओं का होगा विस्तार
महापौर मधुसूदन यादव ने बताया कि, विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के प्रयास से संस्कारधानी को मिली इस सौगात का सीधा फायदा शहर के खिलाड़ी एवं खेल से जुड़े लोगों को होगा। एस्ट्रोटर्फ बदलने से हॉकी खिलाड़ियों को बेहतर मैदान खेलने के लिए मिलेगा। वहीं सिंथेटिक ट्रैक बनने के बाद एथेलेटिक से जुड़े लोगों को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधा मिल पाएगी। इस सौगात के लिए सीएम विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करता हूं।
