अवैध धान खरीदी के खिलाफ सख्ती: अकेले राजनांदगांव जिले में सात करोड़ से अधिक का धान जब्त

अधिकारियों ने अवैध धान किया जब्त
राजनांदगांव। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर प्रशासनिक गंभीरता के चलते लगातार अवैध धान पर कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए प्रशासनिक अमले ने एक माह के भीतर ही लगभग 8 करोड़ रुपए का अवैध धान जब्त किया है। प्रशासन के द्वारा अब तक राजनांदगांव विकासखंड में 42, डोंगरगढ़ विकासखंड में 50 डोंगरगांव विकासखंड में 51 प्रकरण दर्ज किया जा चुके हैं।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में अवैध धान खपाने के लिए कोचिए सक्रीय नजर रहे हैं। वही प्रशासनिक अमला भी इस अवैध धान को रोकने के लिए मुस्तैद दिखाई दे रहा है। अवैध धान को रोकने के लिए जिले के मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र सीमावर्ती क्षेत्र में तीन चेक पोस्ट बनाकर 24 घंटे निगरानी की जा रही है। तो वही प्रशासनिक टीम के द्वारा छापेमार कार्रवाई करते हुए लगातार अवैध धान जब्त किया जा रहा है। वहीं धान खरीदी केन्द्रों में संदेह होने पर भौतिक सत्यापन भी कराया जा रहा है। जहां अधिक धान भी मिल रहा है। जिसे जब्त करने की कार्रवाई भी हो रही है।
भौतिक सत्यापन में मिल रहा अधिक धान
अवैध धान पर कार्रवाई करते हुए कलेक्टर के निर्देश पर धान उपार्जन केन्द्रों का भौतिक सत्यापन भी किया जा रहा है। इसी दौरान आज उपार्जन केंद्र मुड़पार का भौतिक सत्यापन किया गया। इस उपार्जन केंद्र में खरीदी से अतिरिक्त 2100 कट्टा में लगभग 840 क्विंटल अतिरिक्त धान पाये जाने पर जब्ती की कार्यवाही की गयी है। वहीं आज अन्य 4 प्रकरणों में 445 बोरों में 177.80 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है।
25 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त
15 अक्टूबर से शुरू हुई इस धान खरीदी में प्रशासनिक अमले ने अब तक कुल 183 प्रकरण दर्ज की है । जिसमें 63031 बोरों में 25212.46 क्विंटल धान जब्त किया गया है। जिसकी कीमत 7 करोड़ 81 लाख 58 हजार 626 रुपये है। वहीं इस अवैध धान परिवहन में लिप्त कुल 18 वाहनों पर भी जब्ती कार्रवाई की गई है। जब्त धान और वाहनों को समर्थन मूल्य पर धान खरीदी समाप्त होने के बाद छोड़ा जाएगा।
