साय सरकार के दो वर्ष पूरे: विधायक रोहित साहू ने गिनाए विकास कार्य, बोले- राजिम क्षेत्र के लिए 759 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए

साय सरकार के दो वर्ष पूरे : विधायक रोहित साहू ने गिनाए विकास कार्य, बोले- राजिम क्षेत्र के लिए 759 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए
X

प्रेस कॉन्फ्रेंस करते विधायक रोहित साहू 

सीएम विष्णुदेव साय सरकार के 2 वर्ष पूरे होने पर राजिम विधायक रोहित साहू ने शनिवार को रेस्ट हाऊस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विकास कार्यों की जानकारी दी।

श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय सरकार के 2 वर्ष पूरे होने पर राजिम विधायक रोहित साहू ने शनिवार को रेस्ट हाऊस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विकास कार्यों की जानकारी दी। विधायक श्री साहू ने बताया कि राजिम विधानसभा क्षेत्र के तीनो विकासखंड गरियाबंद, छुरा एवं फिंगेश्वर में 759 करोड़ रुपये के काम स्वीकृत कराया है। ये सारे काम क्षेत्र में चल रहा है। विधायक श्री साहू ने कहा कि कांग्रेस के पूरे 5 साल के कार्यकाल में जितना काम नहीं हुआ उससे कई गुणा ज्यादा सिर्फ 2 साल में हुआ है। अभी तो इस कार्यकाल का 3 साल और बचा है जो उपलब्धियो भरा रहेगा।

उन्होंने आगे कहा कि राजिम क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बहुत तेजी के साथ बदल रही है। ये सब राजिम क्षेत्र की देवतुल्य जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के मेहनत और समर्थन से संभव हुआ है। राजिम क्षेत्र की जनता ने मुझ पर बहुत ही आत्मीयता दिखाते हुए विश्वास जताया है। मै वचन देता हूं कि क्षेत्र की जनता के विश्वास पर पूरी तरह से खरा उतरने का प्रयास करूंगा। विधायक श्री साहू ने बताया कि 3 दिसंबर को परिणाम निकला और 13 दिसंबर को छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी। विष्णुदेव साय की सुशासन सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक-एक गारंटी को बहुत ही संजीदगी के साथ पूरा करने में लगे हुए है। कांग्रेस शासनकाल में गरीबो के आवास रोक दिए गए थे। जैसे ही हमारी सरकार बनी तो सबसे पहला आवास के लिए 18 लाख आवास स्वीकृत हुए। आज गांव-गांव में आवास का काम बहुत तेजी के साथ चल रहा है। खोजे राजमिस्त्री नही मिल रहे है और न ही काम करने वाले मजदूर।


विधायक रोहित साहू ने गिनाए विकास कार्य
विधायक श्री साहू ने आगे कहा कि आवास का काम पूरे छत्तीसगढ़ में चल रहा है। उन्होने राजिम क्षेत्र में चल रहे विभिन्न कार्यो को सिलसिलेवार बताया। छुरा ब्लॉक के पीपरछेड़ी जलाशय का काम कई दशको से रूका पड़ा था जिसकी स्वीकृति मिल गई है। ये प्रोजेक्ट 84 करोड़ 96 लाख रूपए का है। इसी तरह कोटरी जलाशय 21 करोड़ 29 लाख,आमानाला जलाशय 5 करोड़ 57 लाख,कोसमी जलाशय 2 करोड़ 91 लाख, देगांव 23 करोड़, राजिम कुंभकल्प मेला के गंगा घाट और अन्य आवश्यक कार्यो के लिए 7 करोड़ 64 लाख , राजिम उपसंभाग में कार्यालय भवन एवं अन्य कार्य के लिए 2 करोड़ 99 लाख, पितईबंद माईनर 2 करोड़ 54 लाख, राजिम मेले में आवश्यक व्यवस्था 2 करोड़ 57 लाख, पैरी परियोजना के अंतर्गत दायी तट नहर के चैन क्रमांक 1232 से 1370 तक परसदा वितरत शाखा के 6 माइनर कार्य के लिए 3 करोड़ 13 लाख रूपए। सरगी नाला कसेरूडीह के पास एनीकट निर्माण 3 करोड़ 81 लाख, इसी तरह छुरा में मुख्य नहर तथा लघु नहर का मॉडलिंग एवं सीमेंट कांक्रीट लाइनिंग कार्य 1 करोड़ 18 लाख, जुनवानी जलाशय 1 करोड़ 61 लाख , भरूवा जलाशय 1 करोड़ 84 लाख।

इन विकास कार्यों के बारे में भी बताया
छुरा ब्लॉक के शासकीय भवनों एवं जीर्णोद्धार के लिए 1 करोड़ 87 लाख,राजिम-कौंदकेरा-छुरा मार्ग चौड़ीकरण 187 करोड़, हरदी कासरबाय बहेराबुड़ा मार्ग पर पगारनाला उच्च स्तरीय पुल 5 करोड़ 9 लाख, कौंदकेरा खुरियाडीह मार्ग उच्चस्तरीय पुल 6 करोड़ 74 लाख, राजिम-फिंगेश्वर सरगी नाला में उच्चस्तरीय पुल 8 करोड़ 21 लाख, छुरा-बागबाहरा-कोमाखाना मार्ग में सुखानाला में पुल निर्माण 10 करोड़ 63 लाख, सिलयारी बहरा से संतोष पुरी धाम पहुंच मार्ग 7 करोड़ 81 लाख, कोपरा-पोखरा मार्ग 70 करोड़ 14 लाख, कोमा से पिपरछेड़ी पहुुंच मार्ग 4 करोड़ 42 लाख, राजिम में फोरलेन सड़क निर्माण कार्य नवीन मेला स्थल राजिम से लक्ष्मण झूला तक 34 करोड़ 19 लाख,राजिम-चौबेबांधा-नवागांव मार्ग 9 करोड़, शासकीय कन्या महाविद्यालय गरियाबंद भवन निर्माण के लिए 4 करोड़ 65 लाख,मजरकट्टा से डोंगरी गांव चौड़ीकरण कार्य 43 करोड़ 25 लाख का काम स्वीकृत हुआ है। जिला मुख्यालय गरियाबंद में 40 सीटर था उसे 100 बिस्तर हास्पिटल की स्वीकृति 18 करोड़ 9 लाख रुपए की स्वीकृति दिलाया गया। जिले में एक सिटी स्कैन मशीन की सुविधा नहीं थी, इसके लिए 4 करोड़ 50 लाख रुपए स्वीकृत कराया गया है।


भक्तिन माता की प्रतिमा के लिए दी 5 करोड़ रुपए की स्वीकृति
राजिम में भक्तिन माता की कांस्य प्रतिमा के लिए 5 करोड़ रुपए की स्वीकृति मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिया हैं। विधायक रोहित साहू ने पूरे आत्मविश्वास के साथ पत्रकारो से चर्चा करते हुए कहा कि समूचे राजिम विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर पूरे 5 साल में बदल जाएगी और यह क्षेत्र विकास के पथ पर बहुत तेजी के साथ अग्रसर होगा। उन्होने चुन-चुनकर एक- एक स्वीकृत कार्यो की राशि को खुले रूप में पारदर्शिता के साथ पत्रकारो के समक्ष रखा। उन्होने कहा कि सबका साथ सबका विश्वास से आगे और काम होंगे। उन्होने राजिम क्षेत्र में स्वीकृत हुए सभी कार्यो के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं सीएम विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव,जिला भाजपा महामंत्री चंद्रशेखर साहू, जनपद अध्यक्ष इंद्राणी-नेहरू साहू,नगर पंचायत के सभापति आकाश राजपूत सहित बड़ी संख्या में राजिम क्षेत्र के स्थानीय पत्रकार मौजूद थे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story