भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव: सीएम साय ने की पूजा- अर्चना, बोले- साहू समाज छत्तीसगढ़ का एक प्रगतिशील समाज

भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव : सीएम साय ने की पूजा- अर्चना, बोले- साहू समाज छत्तीसगढ़ का एक प्रगतिशील समाज
X

राजिम माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते सीएम विष्णुदेव साय 

सीएम विष्णुदेव साय धर्म नगरी राजिम के त्रिवेणी संगम में आयोजित भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में शामिल हुए। समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया।

श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। सीएम विष्णुदेव साय धर्म नगरी राजिम के त्रिवेणी संगम में आयोजित भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने समाज के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के साथ भगवान श्री राजीव लोचन एवं भक्त माता राजिम की पूजा अर्चना कर प्रदेश और समाज की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महोत्सव में शामिल समाज के नागरिकों ने मुख्यमंत्री को गजमाला पहनाकर उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने महोत्सव स्थल पर जयंती समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि साहू समाज एक प्रगतिशील समाज है, हम सबको राजिम भक्तिन माता एवं माता कर्मा के बताए संदेशों का अनुसरण करना चाहिए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भक्त माता राजिम और भक्त माता कर्मा की जयकारे के साथ कहा कि आज हम सब भगवान श्री राजीव लोचन की पूजा अर्चना कर खुशहाली की कामना किए है। बुधवार को सिरकट्टी आश्रम में भी 9 करोड़ रुपए के लागत से भव्य श्रीराम जानकी मंदिर में धर्म ध्वजा की स्थापना की गई। इस पुण्य अवसर पर हमें शामिल होने का सौभाग्य मिला। जैसे अयोध्या धाम में धर्म ध्वजा स्थापना किए है। उसी तर्ज पर यहां सिरकट्टी आश्रम में भी धर्म ध्वजा स्थापित किया गया है। मेरा सौभाग्य है कि एक साल पहले भी इस अवसर पर शामिल होने का अवसर मिला था। श्री साय ने कहा कि साहू समाज समृद्ध और शिक्षित समाज है। हर दृष्टिकोण से समृद्ध रहा है। इतिहास भी समृद्ध रहा है। हम सबको दानवीर भामाशाह,बाबा सत्यनारायण जी का आशीर्वाद मिल रहा है। यह समाज निरंतर विकास करें, यही कामना है।


31 मार्च तक बस्तर होगा नक्सल मुक्त
उन्होंने आगे कहा कि, जब समाज एक जुट होगा तो केवल समाज ही नहीं प्रदेश और देश भी शक्तिशाली और समृद्ध बनता है। समाज का अनेक कार्यक्रम अनुकरणीय है। सामूहिक विवाह एक अनुकरणीय पहल है। हम राजिम दाई के आशीर्वाद से हर गारंटी को पूरा कर रहे हैं। राज्य समृद्ध है खनिज, वन, उर्वरा से भरपूर है। अब नक्सलवाद से जवान पूरी ताकत से लड़ रहे हैं। हम सबका संकल्प है कि 31 मार्च तक बस्तर को नक्सल मुक्त कर देंगे। आज 400 गांव को आबाद किए हैं। राज्य के विकास में बाधक नक्सलवाद अब खात्मा की ओर है। राज्य को हम सब समृद्ध दिशा में लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि समाज के हर आयोजन के लिए सरकार साथ है। उन्होंने प्रदेशवासियों को राजिम माता भक्तिन जयंती की बधाई दी और कहा कि राजिम माता ने जिस साहू समाज को अपनी मेहनत और त्याग से संगठित किया, आज वह समाज शिक्षा, कृषि व व्यवसाय सहित सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है।

साहू समाज सबको दिशा देने वाला समाज - डिप्टी सीएम अरूण साव
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने राजिम भक्तिन माता की जयंती एवं नववर्ष की बधाई देते हुए कहा कि साहू समाज एक संगठित समाज के रूप में जाना जाता है। आज हम सभी राजिम माता की जयंती मनाने आये हैं। उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि त्रिवेणी संगम के इस पावन धरती से प्रेरणा लेकर जाएंगे और मिलकर समाज के विकास के लिए काम करेंगे। समाज का इतिहास अत्यंत वैभवशाली है उसे और वैभवशाली बनाना है। हमें एक और बेहतर समाज बनाना है। हम सब मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि साहू समाज सबको दिशा देने का काम करता है और सभी समाजों को साथ लेकर चलता है।

राजिम त्याग, तपस्या,साधना और श्रम की भूम- केंद्रीय मंत्री तोखन साहू
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि आज का यह उत्सव केवल उत्सव नहीं है। बल्कि यह त्याग, तपस्या,साधना और श्रम की भूमि है। यहां भगवान से पहले भक्त का नाम आता है,धन्य है यह भूमि। उन्होंने माता राजिम भक्तिन की महिमा का बखान करते हुए कहा कि हमें उन महान विभूतियों को याद करना चाहिए। भगवान को खिचड़ी खिलाने वाले समाज से हमारा समाज का नाता है।हम अपने पुरखों के योगदान को याद करके समाज को आगे ले जा सकते हैं। शिक्षा और संस्कार भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का भी लाभ लेना चाहिए।


राज्य के विकास के योगदान में साहू समाज की अहम भूमिका- चरणदास महंत
विधानसभा प्रतिपक्ष के नेता डॉ चरण दास महंत ने कहा कि राज्य के विकास के योगदान में साहू समाज की अहम भूमिका है। सबसे ज्यादा संख्या साहू समाज की है। इनकी तरक्की और विकास से पूरा राज्य का विकास होगा।सामूहिक विवाह आज समाज का एक अनुकरणीय परम्परा बन गया है। उन्होंने कहा कि विदेश में रहकर भी समाज की भलाई के बारे में सोचते हैं।

भक्तिन माता का जीवन त्याग, सेवा और सत्य स्वरुप- विधायक रोहित साहू
राजिम विधायक रोहित साहू ने राजिम भक्तिन माता जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बीते वर्ष मुख्यमंत्री ने राजिम भक्तिन माता की प्रतिमा के लिए 5 करोड़ रुपए स्वीकृति दी है। इसके लिए उन्होने सीएम विष्णुदेव साय का आभार प्रकट किया। इसके साथ ही उन्होंने राजिम को नगर पालिका का दर्जा दिए जाने के लिए भी राजिमवासियों की तरफ से धन्यवाद दिया। भक्तिन माता की भक्ति और उनकी शक्ति ही समाज को सही दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। माता का जीवन हमें त्याग, सेवा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भक्तिन माता केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक जागरण की महान प्रेरणा हैं। उनके आदर्शों पर चलकर समाज में एकता, भाईचारा और नैतिक मूल्यों की स्थापना संभव है।

युवा भक्तिन माता के विचारों को अपने जीवन में अपनाएं
विधायक रोहित साहू ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को भक्तिन माता के विचारों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए, जिससे समाज सशक्त, संगठित और आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम स्थल भक्तिन माता के जयकारों और भजन- कीर्तन से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा। प्रारंभ में राजिम माता की आरती, प्रसाद वितरण एवं सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ हुआ। आयोजन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि भक्तिन माता की भक्ति और शक्ति समाज को निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर कर रही है।

राजिम भक्तिन माता की जीवनी प्रेरणादायी
साहू समाज के प्रदेशाध्यक्ष डॉ नीरेंद्र साहू ने स्वागत भाषण में राजिम भक्तिन माता की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे हमारे साहू समाज की आराध्य देवी है। साहू समाज ने अनेक कल्याणकारी और अनुकरणीय कार्य किए है जो न केवल हमारे समाज के लिए बल्कि अन्य समाज के लिए भी अनुकरणीय है।

ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, नेताप्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व केबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू, रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू, राजिम विधायक रोहित साहू, विधायक इंद्रकुमार साहू, पीसीसी के पूर्व चीफ धनेंद्र साहू, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, चुन्नीलाल साहू, लेखराम साहू, समाज के प्रदेशाध्यक्ष डॉ नीरेन्द्र साहू, राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू, जिला साहू संघ अध्यक्ष प्रवीण साहू, प्रदेश साहू संघ के पूर्व उपाध्यक्ष भुनेश्वर साहू, जिला पंचायत के पूर्व सदस्य भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, प्रदेश साहू संघ के युवा प्रकोष्ट के अध्यक्ष राजू साहू, नगर पालिका नवापार के अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू, डॉ लीलाराम साहू, युवराज साहू, श्रीकांत साहू, कुंजबिहारी साहू, मिंजुन साहू, रामु राम साहू, महेंद्र साहू, सहित बड़ी संख्या में साहू समाज के लोग मौजूद थे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story