राजिम में अटल परिसर का भव्य लोकार्पण: विधायक रोहित साहू ने रखा दो वर्षों का रिपोर्ट कार्ड, बोले अब दोगुनी रफ्तार से होगा विकास

राजिम में नवनिर्मित अटल परिसर का लोकार्पण समारोह
श्याम किशोर शर्मा - राजिम। भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर गुरुवार को राजिम में नवनिर्मित अटल परिसर का भव्य लोकार्पण किया गया। राज्य सरकार द्वारा अटल जी के जन्म शताब्दी वर्ष को अटल निर्माण वर्ष के रूप में मनाते हुए प्रदेश के 115 नगरीय निकायों में एक साथ परिसरों का उद्घाटन किया गया। इसी क्रम में राजिम नगर पंचायत में भी विशाल समारोह आयोजित हुआ, जिसमें विधायक रोहित साहू, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
115 शहरों में हुआ एक साथ लोकार्पण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से प्रदेश के अन्य 114 नगरीय निकायों से वर्चुअल रूप से जुड़कर अटल परिसरों का लोकार्पण किया। अटल जी की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाए रखने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है।

राजिम में भव्य समारोह, विधायक साहू रहे मुख्य अतिथि
राजिम नगर पंचायत में आयोजित लोकार्पण समारोह में विधायक रोहित साहू की प्रमुख उपस्थिति रही। उन्होंने फीता काटकर परिसर का उद्घाटन किया और अटल जी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर समेत कई गणमान्य शामिल थे।
दो वर्षों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने
विधायक रोहित साहू ने मंच से अपने कार्यकाल के दो वर्षों की उपलब्धियां रखीं। उन्होंने बताया कि-
- क्षेत्र में सड़क और कनेक्टिविटी के लिए कई नई स्वीकृतियां मिलीं
- दशकों से लंबित सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई
- जनदर्शन कार्यक्रमों से जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है
- राजिम विधानसभा में अब तक लगभग 800 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत
साथ ही उन्होंने कहा कि, 'राजिम को प्रदेश की सबसे विकसित और सुंदर विधानसभा बनाने की शुरुआत हो चुकी है।'

अटल जी के विचारों और योगदान को किया याद
विधायक साहू ने अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और राष्ट्रसेवा को याद करते हुए कहा कि वे सुशासन, संवाद और शुचिता के प्रतीक थे। सड़क, संचार, परमाणु शक्ति और विदेश नीति जैसे क्षेत्रों में उनकी ऐतिहासिक उपलब्धियों को रेखांकित किया गया।
नगर पंचायत से नगरपालिका परिषद बना राजिम
नगरवासियों के लंबे समय से लंबित मांग- 'राजिम को नगरपालिका परिषद का दर्जा' पूरी होने पर मंच पर खुशी व्यक्त की गई। विधायक साहू ने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताया।

जनप्रतिनिधियों ने रखा अपना पक्ष
कार्यक्रम को नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव, मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू और पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल सिन्हा ने भी संबोधित किया। सभी ने अटल जी के योगदान और विधायक साहू के प्रयासों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि राजिम में तेजी से विकास के नए आयाम गढ़े जा रहे हैं।
बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल
इस अवसर पर प्रमुख रूप से वार्ड पार्षद उत्तम निषाद, पार्षद तुषार कदम, अजय पटेल,जानकी पटेल,आकाश राजपूत, लाला साहू,मनोज देवांगन, छाया राही,मधु नत्थानी, शरद पारकर, भारत यादव,पुरन यादव, संजीव साहू, रामकुमार साहू,अभिषेक सोनकर, सोमनाथ पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों और नगरवासियों की उपस्थिति रही। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अटल परिसर को जनसेवा की नई पहचान बताया।
