केंद्रीय बजट 2026: वित्त मंत्री ओपी बोले- यह 2047 तक देश को विकसित बनाने वाला बजट, माइनिंग- पर्यटन जैसे क्षेत्रों को मिलेगी राहत

वित्त मंत्री ओपी चौधरी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने केंद्रीय बजट को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि यह बजट देश को 2047 तक विकसित करने के लिए बनाया गया है। इसके लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री को बधाई देता हूं। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने अंबिकापुर में व्यापारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ न्यू सर्किट हाउस में बजट का लाइव प्रसारण देखा।
उन्होंने कहा कि यह बजट गरीबी निवारण करने वाला बजट है और सभी सेक्टर का तेजी से आने वाले दिनों में विकास होगा। मोदी सरकार गरीबों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। रेलवे में 11 साल के भीतर पूंजीगत हुए में भी वृद्धि हुई है। व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि, मोदी सरकार लगातार देश के विकास के लिए कार्य कर रही है और माइनिंग, रेलवे, पर्यटन के अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य सभी सेक्टर में राहत देने वाला बजट है।
सरकार गरीबों का पक्का मकान बना रही
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आगे कहा कि, मोदी सरकार गरीबों का पक्का मकान बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और इस बजट के बाद छत्तीसगढ़ के लोगों का पक्का मकान बन सके इस दिशा में अधिक बजट मिल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि, पहले गांव में मकान निर्माण के लिए निर्माण सामग्री नहीं मिलते थे। लेकिन अब सरकार गरीबों का पक्का मकान बना रही है और ऐसे में सभी व्यापार तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
