बाल्को की अकादमी पहुंचे फुटबालर भूटिया: खिलाड़ियों से बोले- आप कहां से आते हैं यह मायने नहीं रखता, आपके सपने कितने बड़े हैं यह महत्वपूर्ण

खिलाड़ियों को टिप्स देते फुटबालर बाइचुंग भूटिया
रायपुर। भारत की जानीमानी एल्युमीनियम उत्पादक तथा वेदांता एल्युमीनियम की इकाई बाल्को ने कोरबा स्थित अपनी खेल अकादमी में पूर्व भारतीय फुटबॉल टीम कप्तान तथा अर्जुन पुरस्कार एवं पद्म श्री पुरस्कार विजेता बाइचुंग भूटिया की मेज़बानी की। बाइचुंग भूटिया का यह दौरा बाल्को के जिला स्तरीय स्पोर्ट्स ईकोसिस्टम को मज़बूत बनाने की जारी कोशिशों में एक अहम पड़ाव था। इसमें नौजवान खिलाड़ियों को रोल मॉडल, स्ट्रक्चर्ड ट्रेनिंग और हाई-परफॉर्मेंस स्पोर्टिंग पैटर्न से रूबरू कराया गया। यह मुलाकात युवा प्रतिभाओं को परामर्श व प्रेरणा देने पर केन्द्रित थी, जिसमें 100 से ज्यादा खिलाड़ी एकजुट हुए और एक स्थिर खेल करियर बनाने के लिए तकनीक, अनुशासन व निरंतरता की अहमियत पर बल दिया गया।
युवा प्रतिभाओं को तराशने के लिए हुई थी शुरुआत
बाल्को ने 2024 में फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल व तैराकी में युवा प्रतिभाओं को तराशने के लिए एक रिहाइशी और डे बोर्डिंग स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर के तौर पर खेल अकादमी शुरु की थी। इस अकादमी को कोरबा म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, कोरबा तथा बाल्को के बीच एक मैमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग के ज़रिए लॉन्च किया गया था, जो युवाओं के विकास के लिए विविध पक्षों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, एनआईएस-प्रमाणित कोच, स्पोर्ट्स साइंस सपोर्ट, फिजियोथेरेपी व मेडिकल केयर, और दिन में छह संतुलित आहार देने वाले एक स्ट्रक्चर्ड न्यूट्रिशन प्रोग्राम से लैस, यह अकादमी अभी कोरबा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर के 100 ऐथलीटों को प्रशिक्षण देती है। बहुत कम समय में यह एक बड़ा ट्रेनिंग हब बन गया है, जहां इसके ऐथलीट राज्य की व राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

बाइचुंग भूटिया ने युवा खिलाड़ियों को किया संबोधित
युवा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए बाइचुंग भूटिया ने कहा कि, यह देखना बहुत उत्साहजनक है कि खेल अकादमी में जमीनी स्तर पर खेलों के विकास पर इतना ज़ोर दिया जा रहा है। इसके लिए अच्छी क्वालिटी का इंफ्रास्ट्रक्चर एवं स्ट्रक्चर्ड ट्रेनिंग मुहैया कराए जा रहे हैं। मैं हर आकांक्षी खिलाड़ी से कहूंगा कि आप जिस जगह से आते हैं वो कितनी बड़ी या छोटी है उससे आपके सपनों का आकार तय नहीं होता। भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले कई लोगों ने छोटे शहरों से अपनी यात्रा शुरु की, वे अनुशासन, हिम्मत और विश्वास के दम पर आगे बढ़े, अपने हालात की वजह से वे रुके नहीं। अब आपके पास पेशेवर मार्गदर्शन और सुविधाएं हैं, आगे क्या होता है यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप कितनी मेहनत करते हैं और कितना विश्वास करते हैं।
खेल युवाओं की ऊर्जा को मजबूत करने माध्यम- आशुतोष पांडे
ऐक्सपोज़र के महत्व पर ज़ोर देते हुए आशुतोष पांडे ने कहा कि, खेल युवाओं की ऊर्जा को मकसद और अनुशासन में लगाने का एक मज़बूत माध्यम है। ऐसे लोगों का चरित्र बनाने का काम करता है जो समाज में अच्छा योगदान देते हैं। खेल अकादमी में इस दौरे के ज़रिए, हमारा उपेेश्य युवा प्रतिभाओं को जागरुक और मज़बूत बनाना है, जिससे उनका संपूर्ण विकास हो सके।
फुटबॉल प्रशिक्षु सुगंधित लाकड़ा ने अपने अनुभव किये साझा
खेल अकादमी में 17 साल की फुटबॉल प्रशिक्षु सुगंधित लाकड़ा ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि, बाईचुंग सर से मिलना हम सभी के लिए बहुत प्रेरक था। उन्होंने कड़ी मेहनत, लगन और खेल का आनंद लेने के बारे में बात की और इससे मुझे खेलों को गंभीरता से लेने का और ज्यादा भरोसा मिला। यह पहली बार था जब हममें से कई लोगों ने किसी नेशनल आइकन से बात की और इससे हमें और भी ज्यादा मेहनत से ट्रेनिंग करने की प्रेरणा मिली।

बाल्को में स्पोर्ट्स एक जरुरी हिस्सा- राजेश कुमार
इस मौके पर बाल्को के सीईओ और डायरेक्टर राजेश कुमार ने कहा कि, बाल्को में, हम स्पोर्ट्स को संपूर्ण विकास का एक ज़रूरी हिस्सा मानते हैं। खेल अकादमी में जैसा स्ट्रक्चर्ड ट्रेनिंग का परिवेश है वह युवा ऐथलीटों को सही मार्गदर्शन व दिशा देते हुए परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। सामाजिक प्रभाव कायम करने की हमारी व्यापक कोशिशें बच्चों और युवाओं को मदद देती हैं कि वे बड़े सपने देखने पर ध्यान दें। इस तरह के प्लैटफॉर्म उन उम्मीदों को अवसरों में बदलने में सहायता करते हैं। बाइचुंग भूटिया जैसे काबिल खिलाड़ियों के साथ बातचीत इस विज़न को और मज़बूत करती है, यह दिखाकर कि समर्पण और लगन से उच्चतम स्तर पर क्या हासिल किया जा सकता है।
हर वर्ष अलग- अलग खेलों का करवाया जाता है आयोजन
खेल अकादमी की योजना है कि जाने-माने खिलाड़ियों के साथ आगे भी ऐसे ही ऐसे ही परामर्श व सशक्तिकरण सत्र आयोजित किए जाएं। इस प्रकार का अगला सत्र तीरंदाज़ी पर केन्द्रित रहेगा, जिससे अलग-अलग खेलों के युवा खिलाड़ियों के लिए ऐक्सपोज़र एवं अवसरों का विस्तार होगा। अकादमी के अलावा, बाल्को सामुदायिक विकास के विविध प्रयास करती है, जिसमें विभिन्न समुदायों में बैडमिंटन, हॉकी, क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल संबंधी सामान वाली स्पोर्ट्स किट बांटकर ज़मीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना शामिल है। कंपनी का दृढ़ विश्वास है कि संपूर्ण विकास एक साझी ज़िम्मेदारी है, जो संगठनों, सरकारी संस्थाओं और स्थानीय समुदायों को मिलजुल निभानी होगी। युवाओं को सशक्त बना कर और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर में लगातार निवेश करके, बाल्को इस क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए एक मज़बूत, स्वास्थ्यकर और ज्यादा आकांक्षी ईकोसिस्टम बनाने में अपना योगदान जारी रखे हुए है।
इन्होने बाइचुंग भूटिया का किया स्वागत
बाइचुंग भूटिया का स्वागत जिला अधिकारियों, आशुतोष पांडे (आयुक्त, नगर निगम, कोरबा), दीनू पटेल (जिला खेल अधिकारी), और विनय मिश्रा (अपर आयुक्त) के साथ-साथ बाल्को के वरिष्ठ प्रबंधन ने किया।
