छत्तीसगढ़ को रेलवे के लिए बजट में मिले 7 हज़ार 470 करोड़: यह पिछली सरकार के वक्त से 24% ज्यादा, सीएम ने पीएम का जताया आभार

छत्तीसगढ़ को रेलवे के लिए बजट में मिले 7 हज़ार 470 करोड़ : यह पिछली सरकार के वक्त से 24% ज्यादा, सीएम ने पीएम का जताया आभार
X

केन्द्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव

छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास के लिए बजट में 7 हज़ार 470 करोड़ मिला। सीएम विष्णुदेव साय ने पीएम नरेंद्र मोदी और केन्द्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव का आभार जताया है।

रायपुर। केन्द्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने बताया कि, छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास के लिए बजट में 7 हज़ार 470 करोड़ मिला है जो की ऐतिहासिक है। यह कांग्रेस के समय से 24% ज्यादा है। रावघाट से जगदलपुर को कनेक्ट करने के लिए रेलवे का बड़ा प्रोजेक्ट जारी है। इससे आदिवासियों को फायदा मिलेगा बस्तर से अन्य राज्यों के लिए ट्रेने चलेंगी। छत्तीसगढ़ में आने वाले समय में मेल एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या दोगुनी हो जाएगी। वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 51 हजार करोड़ के प्रोजेक्टस् स्वीकृत है। इस पर सीएम विष्णुदेव साय ने पीएम नरेंद्र मोदी और केन्द्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव का आभार जताया है।

डबल इंजन सरकार में दिखाई दे रहा अभूतपूर्व परिवर्तन
इस पर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा छत्तीसगढ़ में रेलवे अवसरंचना विकास के लिए ₹7470 करोड़ के ऐतिहासिक रेलवे बजट प्रावधान हेतु हार्दिक रूप से आभार व्यक्त करता हूँ। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आज अभूतपूर्व परिवर्तन दिखाई दे रहा है। 2009–14 के वार्षिक औसत 311 करोड़ रुपये की तुलना में 2026–27 में 7,470 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान लगभग 24 गुना वृद्धि अपने आप में एक रिकॉर्ड है। वर्तमान में 51,080 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें नए ट्रैक निर्माण, स्टेशनों का पुनर्विकास और सुरक्षा उन्नयन शामिल हैं।

जनजातीय समाज को केंद्र सरकार द्वारा दिया गया यह अमूल्य उपहार
सीएम श्री साय ने आगे कहा कि, सुदूर वनांचल बस्तर में जगदलपुर को कनेक्ट करने वाला रावघाट-जगदलपुर प्रोजेक्ट का प्रारंभ होना यहां के जनजातीय समाज को केंद्र सरकार द्वारा दिया गया एक अमूल्य उपहार है। परमलकसा-खरसिया कॉरिडोर के अलावा नए फ्रेट कॉरिडोर को भी स्वीकृति प्रदान की गई है, इन सभी स्वीकृतियों से छत्तीसगढ़ में यात्री गाड़ियों की संख्या आने वाले समय मे लगभग दोगुनी हो जाएगी। अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 32 स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिनमें डोंगरगढ़ (फेज-I), अंबिकापुर, भानुप्रतापपुर, भिलाई और उरकुरा जैसे स्टेशन पूर्ण हो चुके हैं।

वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाएँ यात्रा को दे रही नई गति
उन्होंने आगे कहा कि, राज्य में वंदे भारत एक्सप्रेस की 2 जोड़ी और अमृत भारत एक्सप्रेस की 1 जोड़ी सेवाएँ यात्रा को नई गति दे रही हैं। 2014 से अब तक लगभग 1,200 किमी नए ट्रैक का निर्माण, 100% विद्युतीकरण, 170 फ्लाईओवर/अंडरपास और ‘कवच’ जैसी आधुनिक सुरक्षा प्रणाली ये सभी कदम छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी रेल राज्यों में स्थापित कर रहे हैं। सीएम श्री साय ने आगे कहा कि, यह विकास केवल रेल पटरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के व्यापार, पर्यटन, उद्योग, रोजगार और आमजन के जीवन में नई ऊर्जा का संचार कर रहा है। छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को इन युगांतकारी पहलों के लिए हृदय से धन्यवाद।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story