रायपुर-राजिम मेमू ट्रेन 18 से: अभनपुर लोकल का भी विस्तार, मुख्यमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी

File Photo
रायपुर। रायपुर से राजिम के बीच 18 सितंबर से लोकल ट्रेन का संचालन शुरू होने जा रहा है। लंबे इंतजार के बाद रेलवे प्रशासन ने उद्घाटन तिथि तय कर दी है। करीब 8 साल बाद राजिम स्टेशन पर एक बार फिर ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम में स्थानीय सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे।
शनिवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी ने राजिम स्टेशन पहुंचकर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन परिसर में पार्किंग, मंच, आगंतुकों के आवागमन और मुख्य अतिथियों की बैठक व्यवस्था का जायजा लिया। बात दें कि, रेलवे ने राजिम के लिए रायपुर से नई मेमू चलाने का फैसला लिया है, तो अभनपुर लोकल का विस्तार भी किया गया है। ऐसे दिन में राजिम जाने के लिए अलग-अलग समय में ट्रेन मिलेगी। राजिम छत्तीसगढ़ के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों में शामिल है। इसके ब्रॉड गेज नेटवर्क से जुड़ने से क्षेत्र की सीधी रेल कनेक्टिविटी बड़े शहरों से हो जाएगी। इससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा विकल्प मिलेंगे, साथ ही क्षेत्रीय व्यापार, कृषि, तीर्थाटन और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
यह रहेगी समय सारणी
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने रायपुर से राजिम के बीच मेमू ट्रेन सेवा की समय सारणी घोषित कर दी है। यह ट्रेन रायपुर स्टेशन से सुबह 4:45 बजे रवाना होकर मंदिर हसौद (05:03-05:05 बजे), सी.बी.डी. पी.एच. (05:15-05:16 बजे), केंद्री (05:30-05:32 बजे), अभनपुर (05:43-05:45 बजे) और माणिकचौरी पी.एच. (05:56-05:57 बजे) पर ठहरते हुए 06:20 बजे राजिम पहुंचेगी। इसी प्रकार वापसी में ट्रेन 06:45 बजे राजिम से प्रस्थान करेगी और माणिकचौरी पी.एच. (06:59-07:00 बजे), अभनपुर (07:13-07:15 बजे), केंद्री (07:26-07:28 बजे), सी.बी.डी. पी.एच. (07:41-07:42 बजे) तथा मंदिर हसौद (07:53-07:55 बजे) होते हुए सुबह 08:20 बजे रायपुर पहुंचेगी।
अभनपुर लोकल ट्रेन का किया विस्तार
संख्या 68760 रायपुर - अभनपुर मेमू (विस्तार) का परिचालन राजिम तक विस्तार किया जा रहा है, जिसका समय रायपुर स्टेशन से 09:00 बजे को रवाना हो कर, 09:18 09:20 बजे मंदिर हसौद, 09:30 -09:31 बजे सी.बी.डी पीएच 09:45 09:47 बजे केंद्री, 09:50-10:00 बजे अभनपुर, 10:11 - 10:12 बजे माणिकचौरी पीएच, 10:35 बजे राजिम पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 68761 राजिम रायपुर मेमू (विस्तार) का परिचालन विस्तार राजिम स्टेशन से 11:10 बजे को रवाना हो कर, 11:24 - 11:25 माणिकचौरि पीएच, 11:38 11:40 अभनपुर स्टेशन, 11:51 - 11:53 बजे केंद्री, 12:06 12:07 बजे सी.बी. डी पीएच, 12:18 12:20 बजे मंदिर हसौद, 12:45 बजे रायपुर पहुंचेगी।
