रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन: खम्हारडीह में लाखों की प्रतिबंधित हुक्का सामग्री जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन
X

पुलिस की गिरफ्त में एक आरोपी

रायपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की सख्त कार्रवाई। खम्हारडीह क्षेत्र से लाखों रुपये की प्रतिबंधित हुक्का सामग्री के साथ आरोपी अशोक मदनी गिरफ्तार।

रायपुर। नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस ने विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने खम्हारडीह इलाके में एक मकान से लाखों रूपये कीमत का हुक्का और प्रतिबंधित हुक्का सामग्री बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रायपुर कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

रायपुर कमिश्नरेट में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को नशे के कारोबारियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

ऐसे मिली थी सूचना
गौरतलब है कि, 31 जनवरी को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि, खम्हारडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत राजीव नगर के पास एक व्यक्ति अपने मकान में अवैध रूप से हुक्का और प्रतिबंधित हुक्का सामग्री का भंडारण कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर, पुलिस उपायुक्त क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आकाश मरकाम के निर्देशन में संयुक्त टीम गठित कर रेड कार्रवाई की गई।

भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद
रेड के दौरान मकान में मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम अशोक मदनी निवासी खम्हारडीह बताया। तलाशी लेने पर मकान से बड़ी मात्रा में हुक्का पॉट, गोगो पेपर, रोलिंग पेपर, हुक्का फ्लेवर सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई। जब आरोपी से इन सामग्रियों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करने लगा।

1 लाख रुपये मूल्य की प्रतिबंधित हुक्का सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपी अशोक मदनी को मौके से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 1,00,000 रुपये मूल्य की प्रतिबंधित हुक्का सामग्री जब्त की। आरोपी के विरुद्ध थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 31/25, धारा 4(क) कोटपा एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक मदनी, पिता स्व. बालू कुमार, उम्र 59 वर्ष, निवासी राजीव नगर, थाना खम्हारडीह, रायपुर के रूप में हुई है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story