प्रेस क्लब खेल मड़ई का डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया आगाज: रोमांचक मुकाबले में संपादक इलेवन ने पूर्व पदाधिकारी इलेवन को 1 रन से हराया

संपादक इलेवन ने की जीत दर्ज
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के प्रेस क्लब के खेल मड़ई का शानदार आगाज हुआ। उपमुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव ने स्पर्धा का शुभारंभ किया। इस मौके पर मंत्री साव ने कहा कि प्रेस क्लब का आयोजन सराहनीय है और अच्छे स्वास्थ्य के लिए सभी को स्पोर्ट्स में भाग लेते रहना चाहिए।
स्व. कुलदीप निगम स्मृति इंटर प्रेस क्रिकेट स्पर्धा का पहला मैच संपादक इलेवन और पूर्व पदाधिकारी इलेवन के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर मुकाबले को रोमांचक और यादगार बना दिया। रोमांचक मुकाबले में अंतिम ओवर बेहद दिलचस्प और कांटे की टक्कर का रहा। आख़िरी ओवर में शानदार प्रदर्शन करते हुए संपादक इलेवन ने कप्तान रामअवतार तिवारी के नेतृत्व में 1 रन से जीत दर्ज की। वहीं पूर्व पदाधिकारी इलेवन टीम की कप्तानी पूर्व अध्यक्ष अनिल पुसदकर ने की।

टॉस जीतकर संपादक इलेवन ने किया बल्लेबाजी का फैसला
10 ओवर के इस मैच में टॉस जीतकर संपादक इलेवन के कप्तान रामावतार तिवारी ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मनोज सिंह बघेल और अभिषेक शुक्ला ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन सुशील अग्रवाल की कसावट भरी गेंदबाज़ी से संपादक इलेवन के एक समय बाद जल्दी जल्दी 5 विकेट गिर गए, ऐसे में अंशुमान शर्मा ने टीम को संभाला, एक छोर से विकेट गिरते रहे लेकिन अंशुमन ने रनों की गति को बनाए रखा और सबसे ज़्यादा 19 रन बनाए। निर्धारित 10 ओवर में संपादक इलेवन ने 70 रन बनाए और पूर्व पदाधिकारी के सामने 71 रनों का लक्ष्य रखा।
इन खिलाड़ियों ने किया बेहतर प्रदर्शन
पूर्व पदाधिकारी की तरफ़ से वीरेंद्र शर्मा, राजेश मिश्रा ने अच्छी बल्लेबाज़ी की, वहीं सुशील अग्रवाल ने टीम की तरफ़ से सबसे ज़्यादा रन बनायें। लेकिन रामावतार तिवारी की शानदार कप्तानी में समीर शुक्ला, मोहित साहू, राजेंद्र निगम और अभिषेक शुक्ला ने किफायती गेंदबाज़ी की। आख़िरी ओवर में पूर्व पदाधिकारी इलेवन को जीत के लिए 8 रन चाहिए थे, लेकिन राजेंद्र निगम की शानदार बॉलिंग के कारण टीम 6 रन ही बना सकी और इस तरह संपादक इलेवन ने ये मैच 1 रन से जीत लिया।
राजधानी रायपुर के प्रेस क्लब के खेल मड़ई मैच आयोजन किया गया। जहां संपादक इलेवन ने पूर्व पदाधिकारी इलेवन टीम को 1 रन से हराया। pic.twitter.com/S5WWt625kz
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 1, 2026
सुशील अग्रवाल को मैन ऑफ़ द मैच घोषित
मैच में आल राउंडर प्रदर्शन के लिए पूर्व पदाधिकारी इलेवन के सुशील अग्रवाल को मैन ऑफ़ द मैच घोषित किया गया। वही दोनों टीमों की तरफ़ से सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले संपादक इलेवन के बल्लेबाज़ अंशुमन शर्मा को बैट्स बैट्समैन, अच्छी बॉलिंग के लिए संपादक इलेवन के राजेंद्र निगम और शानदार फ़ील्डिंग के लिए मोहित साहू को पुरस्कार दिया गया।
ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस हाई वोल्टेज मैच को देखने के लिए रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, सहसचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े, खेल आयोजन समिति के संयोजक विजय मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा, समेत बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित रहे।
संपादक इलेवन
- रामावतार तिवारी (कप्तान)
- प्रदीप दुबे
- समीर शुक्ला
- राजेंद्र निगम
- मनोज सिंह बघेल
- अंशुमान शर्मा (विकेट कीपर)
- अभिषेक शुक्ला
- संजय शुक्ला
- शंकर चंद्राकर
- मोहित साहू
- देवेंद्र गोस्वामी
पूर्व पदाधिकारी इलेवन
- अनिल पुसदकर (कप्तान)
- प्रकाश शर्मा
- वीरेंद्र शर्मा
- राजेश मिश्रा
- सुशील अग्रवाल
- दामू अंबाडरे
- वैभव बेमेतरिहा
- विकाश शर्मा
- हितेश शाह
