लखौली नहर टूटी: लोगों के घरों और खेतों में घुसा पानी, जनजीवन अस्त- व्यस्त

टूटी हुई लखौली नहर
डागेश यादव- आरंग। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुकरा (लखौली) में रविवार की सुबह लाखौली मुख्य नहर के टूटने की वजह से गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। नहर में भरे पानी का तेज दबाव न झेल पाने के कारण नहर फट गई, जिससे पानी गांव और आसपास के खेतों में भर गया। इससे फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है, साथ ही गांव का जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना की जानकारी तुरंत प्रशासन को दी। उन्होंने कलेक्टर रायपुर गौरव सिंह, जिला सीईओ विश्वरंजन, एसडीएम आरंग अभिलाषा पैकरा और एसडीओ प्रमोद पाल को फोन के माध्यम से सूचित किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि, नहर का पानी खेतों में तेजी से फैल रहा है, जिससे धान और अन्य फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। गांव में पानी घुसने से कई घरों और रास्तों पर भी जलभराव की स्थिति बन गई है। ग्रामीणों में प्रशासन की समय पर कार्रवाई न होने को लेकर चिंता और आक्रोश बढ़ रहा है।
आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुकरा (लखौली) में रविवार की सुबह लाखौली मुख्य नहर के टूटने की वजह से गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। pic.twitter.com/2HY8jOw3WP
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) September 7, 2025
प्रशासन ने दिया जरुरी कार्रवाई का भरोसा
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि स्थिति को जल्द से जल्द नियंत्रित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। सिंचाई विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है, और नहर की मरम्मत का काम शुरू करने की तैयारी चल रही है।
आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुकरा (लखौली) में रविवार की सुबह लाखौली मुख्य नहर के टूटने की वजह से गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। pic.twitter.com/WjEo5p0EF8
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) September 7, 2025
सिंचाई विभाग के अधिकारियों को स्थिति नियंत्रित करने के दिए निर्देश
आरंग एसडीएम अभिलाषा पैकरा ने बताया कि गंगाधर खार के पास ग्राम कुकरा के प्रथम गेट पर नहर टूटने की सूचना मिली है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
