कैलाशगिरी शिव मंदिर में दो दिवसीय भक्ति महोत्सव: 14 फरवरी को सुंदरकांड पाठ और 15 को महाशिवरात्रि का आयोजन

कैलाशगिरी शिव मंदिर परिसर
रायपुर। छत्तीसगढ़ राजधानी रायपुर के बसंत विहार कॉलोनी स्थित कैलाशगिरी शिव मंदिर परिसर एक बार फिर धार्मिक आस्था और भक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। मंदिर समिति द्वारा दो दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियां ज़ोर-शोर से की जा रही हैं, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, साधना और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में 14 फरवरी को श्रद्धा एवं भक्ति भाव से परिपूर्ण संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा, वहीं 15 फरवरी को महाशिवरात्रि महोत्सव पूरे विधि-विधान और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस संबंध में मंदिर समिति के अध्यक्ष भास्कर साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन को लेकर समिति के सभी सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।

भक्तों को मिलेगा आध्यात्मिक और दिव्य वातावरण
महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव का विधिवत रुद्राभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक, भजन-कीर्तन और महाआरती संपन्न होगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्व की गरिमा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में रंग-रोगन, साफ-सफाई एवं आकर्षक सजावट का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे भक्तों को आध्यात्मिक और दिव्य वातावरण का अनुभव प्राप्त हो सके।

कॉलोनीवासियों को घर-घर जाकर आमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे
आयोजन समिति द्वारा अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कॉलोनीवासियों को घर-घर जाकर आमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। मंदिर समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि, वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर सुंदरकांड पाठ एवं महाशिवरात्रि महोत्सव में सहभागिता करें और पुण्य लाभ अर्जित करें।
