झारखंड शराब घोटाला: डिस्टलरी मालिक नवीन केडिया को ACB की टीम ने गोवा से किया गिरफ्तार

ACB दफ्तर झारखंड
रायपुर। झारखंड शराब घोटाले मामले में केडिया डिस्टलरी के संचालक नवीन केडिया को ACB की टीम ने गोवा से गिरफ्तार किया है। वे लंबे समय से फरार चल रहे थे। झारखंड शराब घोटाले की जांच के सिलसिले में ACB को नवीन केडिया की तलाश थी।
मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड शराब घोटाले मामले में ACB को कारोबारी नवीन केडिया की तलाश थी। उन पर पहले से ही गिरफ्तारी वारंट जारी था। जिसके बाद से वे कई महीनों से फरार चल रहे थे। लंबी खोजबीन और तकनीकी निगरानी के बाद ACB की टीम ने गोवा में छापा मारकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। ACB की टीम नवीन केडिया को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रांची रवाना होगी। वहां उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा और आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की जा सकती है।
शराब घोटाले की अहम कड़ी माने जाते हैं नवीन केडिया
नवीन केडिया को झारखंड शराब घोटाले में एक अहम कड़ी माना जाता है। ऐसे में जांच एजेंसी को उम्मीद है कि उनकी गिरफ्तारी से घोटाले से जुड़े नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और अन्य प्रभावशाली लोगों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। ACB की इस कार्रवाई को घोटाले की जांच में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
