दिवाली से पहले NHM कर्मियों को तोहफा: राज्य शासन ने की 5% वेतन बढ़ाने की घोषणा

नेशनल हेल्थ मिशन (NHM)
रायपुर। राज्य शासन ने नेशनल हेल्थ मिशन एनएचएम के कर्मचारियों को दीपावली से पहले बड़ी राहत दी है। लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग कर रहे कर्मियों के लिए शासन ने 5 प्रतिशत वेतन वृद्धि की घोषणा की है। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2023 से प्रभावी होगी।
हालांकि, आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वही अधिकारी-कर्मचारी इस लाभ के पात्र होंगे, जिनकी सेवा अवधि 1 जुलाई 2023 तक एक वर्ष पूर्ण हो चुकी है। इस शर्त के कारण लगभग 1500 से अधिक कर्मचारी वेतन वृद्धि के लाभ से वंचित रहेंगे।
घोषणा का था बेसब्री से इंतजार
गौरतलब है कि, एनएचएम कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 33 दिनों तक हड़ताल पर रहे थे। इस दौरान संघ के अध्यक्ष समेत 25 पदाधिकारियों को बर्खास्त भी किया गया था। हड़ताल खत्म होने के समय शासन और संघ के बीच हुई चर्चा में बर्खास्त कर्मियों की बहाली का आश्वासन दिया गया था। अब कर्मचारी वेतन वृद्धि के साथ-साथ बहाली की घोषणा का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
जल्द काम पर लौट सकते हैं NHM कर्मचारी
वहीं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारी पिछले एक महीने से हड़ताल पर है। प्रदेशभर के कर्मचारियों ने अपना सामूहिक इस्तीफा भी सौंप दिया है। वहीं इस बीच अब प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का बयान सामने आया है। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि, NHM कर्मचारियों की 10 सूत्रीय मांगों में से चार मांगों को पूरा कर दिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री बोले- 10 सूत्रीय मांगों में से चार पूरी
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा- बचे हुए तीन मांगों के लिए एक कमेटी बनाई गई है। जिस पर चर्चा की जा रही है। NHM के हड़ताल के चलते प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई है। उन्होंने आगे कहा कि, मामले में NHM कर्मचारियों की मांगों को लेकर बातचीत हुई है इस दौरान उन्होंने अपनी सहमति जताई है।
काम पर लौटने की उम्मीद
जायसवाल ने कहा- NHM कर्मचारियों से बातचीत और मांगे पूरी होने के बाद काम पर लौट जायेंगे। जिसके बाद प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं यथावत हो जाएगी। बता दें कि, हड़ताल के दौरान सरकार ने कई कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। साथ ही अन्य को काम पर लौटने के लिए अल्टीमेटम भी जारी किया था।
काम पर नहीं लौटे तो करेंगे नई भर्ती - जायसवाल
प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री जायसवाल ने कहा कि, अगर कर्मचारी अपनी हड़ताल बंद करके काम पर नहीं लौटेंगे तो हमें नई भर्तियों पर विचार करना होगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा- इसके लिए दो- तीन दिन के भीतर विज्ञापन जारी कर दिया जायेगा।
