बिहार विधानसभा चुनाव 2025: रुझानों को देखकर भाजपाई गदगद, सीएम साय ने मंत्रिमंडल के सदस्यों को मिठाई खिलाकर दी बधाई

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : रुझानों को देखकर भाजपाई गदगद, सीएम साय ने मंत्रिमंडल के सदस्यों को मिठाई खिलाकर दी बधाई
X

मंत्रिमंडल को मिठाई खिलाते सीएम विष्णुदेव साय 

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए रुझानों में अजेय बढ़त मिलने पर सीएम विष्णु देव साय ने मंत्रिमंडल के सदस्यों को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।

रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना शुक्रवार सुबह से शुरू हो चुकी है। 243 सीटों के रुझान में NDA क्लीन स्वीप करती दिख रही है। NDA 199 और महागठबंधन 38 सीटों पर आगे है। राष्ट्रीय जनतान्त्रिक गठबंधन ( एनडीए) को रुझानों में अजेय बढ़त मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रिमंडल के सदस्यों को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।

बिहार विधानसभा चुनाव में मतगणना NDA को बढ़त मिलने पर BJP ने कार्टून पोस्टर जारी कर राहुल गांधी को पनौती बताया। वहीं NDA को आंधी बताया है। बिहार चुनाव परिणाम में NDA ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर है। वहीं राजधानी रायपुर में भाजपा कार्यालय में भारी जश्न का माहौल है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी, उज्ज्वल दीपक जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, जिला महामंत्री अमित मेशरी, गुंजन प्रजापति सहित महिला नेत्रियों ने जमकर डांस किया।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भूपेश बघेल पर साधा निशाना
बिहार के रुझाानों पर अब छत्तीसगढ़ के नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दी है। प्रदेश के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल को कांग्रेस पार्टी की ओर से बिहार चुनाव का सीनियर ऑब्जर्वर बनाये जाने पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, भूपेश बघेल को बोलने के अंदाज को ठीक करना चाहिए। प्रभावशाली नेता बनना है तो अपने बोलने का अंदाज सही करना चाहिए। हर जगह लाठी लेकर सबकी भैंस समझने से प्रभाव नहीं बनता है।

जनता ने जंगल राज नहीं, विकास चुना - विजय शर्मा
NDA को बिहार में बढ़त को लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा- 190 सीटों से अधिक आने की संभावना थी। बिहार चुनाव प्रचार में गया था, वहां सांस लेकर समझ आया था कि 190 सीटों से ज्यादा आएंगी। बिहार की सारी जनता को शुभकामनाएं देता हूं, जंगल राज को छोड़कर जनता ने विकास का साथ दिया है। आगे कहा- राहुल गांधी कही पर भी अच्छा नेतृत्व नहीं कर पा रहे हैं। कांग्रेस को आत्मावलोकन करना चाहिए।


ऐतिहासिक परिणाम आएगा - अरुण साव
बिहार चुनाव के मतगणना पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव का बयान भी सामने आया है। साव ने कहा- बिहार चुनाव का परिणाम ऐतिहासिक होगा। बिहार की जनता ने हथकंडों को धता बताकर विकास और जनता ने डबल इंजन सरकार पर भरोसा किया है। साथ ही लोगों ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए पर भरोसा किया है। देश की राजनीति को बिहार के परिणाम से नई दिशा मिलेगी।

NDA विकसित भारत की नींव डाल रहा - मंत्री ओपी चौधरी
बिहार में NDA को बढ़त पर वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने कहा- एनडीए की बढ़त नहीं आंधी और सुनामी भी है। एनडीए को बिहार की जनता ने आशीर्वाद दिया है। NDA विकसित भारत की नींव डाल रहा है। जनता समझ रही हैं भाजपा और सहयोगियों की सरकार बेहतर हैं। भाजपा और एनडीए को आशीर्वाद मिल रहा है। वहां सुशासन स्थापित किया जा रहा हैं।

कांग्रेस डूबती नाव : चौधरी
कांग्रेस के वोट चोरी वाले अभियान को लेकर मंत्री ओपी चौधरी ने कहा- कांग्रेस डूबती नाव हैं, महागठबंधन को जनता ने महठगबंधन करार दिया है। उनकी पार्टी में के लोग जान बचाने इधर उधर भाग रहे हैं। इन्हें देश की जनता सबक सिखा रही है। आगे कहा- जनता के बीच ये लोग नकारात्मक एजेंडा लेकर जाते हैं अनर्गल आरोप लगाते हैं जिसका जवाब जनता दे रही हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story