रायगढ़ में सेवा भारती समिति का शुभारंभ: शिक्षा स्वास्थ्य और स्वावलंबन का लिया संकल्प, कहा- समाज ही हमारा आराध्य

रायगढ़ में सेवा भारती समिति का शुभारंभ
रायगढ़। अखिल भारतीय सेवा संगठन सेवा भारती की जिला रायगढ़ इकाई का भव्य शुभारंभ मंगलवार, 18 नवम्बर 2025 (मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष त्रयोदशी) को कोतरा रोड स्थित नंद बाग, सोनिया नगर में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। सामाजिक रूप से कमजोर, वंचित एवं अभावग्रस्त वर्गों की सेवा के लिए समर्पित यह संगठन शिक्षा, संस्कार, स्वावलंबन और स्वास्थ्य के क्षेत्र में वर्षों से कार्यरत है।
'समाज है आराध्य हमारा, सेवा व्रत है साधना'- इसी मूल मंत्र के साथ सेवा भारती सभी जरूरतमंदों तक बिना भेदभाव सेवा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ सेवा भारती समिति, जिला रायगढ़ के अध्यक्ष डॉ. राम कुमार पटेल के नेतृत्व में हुआ। मंच पर कई वरिष्ठ पदाधिकारी, समाजसेवी एवं संगठन के दायित्वधारी मौजूद थे।
- मुख्य अतिथि – पवन अग्रवाल
- कार्यक्रम अध्यक्ष – सुभाष त्रिपाठी
- विशिष्ट अतिथि – विजय शंकर पटनायक (विभाग संघचालक), डॉ. प्रकाश मिश्रा (जिला संघचालक), डॉ. बोधिराम पटेल (नगर संघचालक)
- मुख्य वक्ता – प्रेम शंकर सिदार (सह क्षेत्र प्रचारक)
- तुलसीदास मानिकपुरी (प्रांत सेवा प्रमुख)
- नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान
- नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

दिव्यांग बच्चों की सेवा करने वाली संस्था का सम्मान
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा 'जय बूढ़ी माई समाज सेवी संस्था' कोसमनारा का सम्मान। संस्था नेत्रहीन एवं मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों के संरक्षण और पुनर्वास हेतु आवासीय आश्रम संचालित कर रही है, जिसमें वर्तमान में 25 दिव्यांग बच्चे निवासरत हैं। यह आश्रम छत्तीसगढ़ शासन समाज कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त है। सेवा भारती ने संस्था के नि:स्वार्थ सेवा कार्यों को विशेष रूप से सम्मानित किया।
डाक्यूमेंट्री प्रस्तुति ने बढ़ाया उत्साह
मुख्य कार्यक्रम से पूर्व सेवा भारती की विभिन्न योजनाओं, उद्देश्यों और सामाजिक गतिविधियों पर आधारित एक प्रभावशाली डाक्यूमेंट्री प्रस्तुत की गई। इसके बाद मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिससे पूरे परिसर में सकारात्मकता और सेवाभाव का वातावरण निर्मित हुआ।
सेवा भारती का व्यापक सामाजिक कार्यक्षेत्र
सेवा भारती कई वर्षों से नगरीय सेवा बस्तियों, ग्रामीण अंचलों और वनवासी क्षेत्रों में संस्कार, शिक्षा, स्वावलंबन, स्वास्थ्य और सामाजिक पुनर्वास जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। रायगढ़ इकाई का शुभारंभ संगठन के सेवा अभियान में एक महत्वपूर्ण विस्तार माना जा रहा है।
