खरीदी केंद्र में पहुंचकर धान खा रहे हाथी: रायगढ़ जिले में सप्ताहभर से मचा रहे उत्पात, गांवों में अलर्ट जारी

खरीदी केंद्र में पहुंचकर धान खा रहे हाथी
X

धान खरीदी केंद्र में हाथी की दस्तक 

रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों का आतंक जारी है। बंगुरसिया धान खरीदी केंद्र में हाथियों ने 20 से अधिक बोरी धान को नुकसान पहुंचाया।

अमित गुप्ता- रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथी धान खरीदी केंद्रों में पहुंचकर वहां रखा धान चट कर जा रहे हैं। जिले के बंगुरसिया धान खरीदी केंद्र में पिछले एक सप्ताह से लगातार हाथियों की आमद हो रही है। खरीदी केंद्र में तैनात कर्मियों ने हाथियों को कैमरे में कैद किया है।

बता दें कि, अब तक हाथी 20 से अधिक बोरी धान को क्षति पहुँचा चुके हैं। हाथियों की आमद को देखते हुए हाथी मित्र दल और वनकर्मी उन पर निगरानी रखे हुए हैं। आस-पास के गांव में अलर्ट भी जारी किया गया है। बंगुरसिया इलाके में पिछले एक सप्ताह से इसी तरह हाथियों की आमद हो रही है। बताया जा रहा है कि, बंगुरसिया सर्कल में 5 और रायगढ़ वन मंडल में 44 हाथियों का दल है, जिसमें शावक भी शामिल है। सबसे अधिक हाथी रायगढ़ रेंज के पडिगांव में हैं, जहां हाथियों की संख्या 31 तक पहुंच चुकी है।

तालाब के पास मिला हाथी के शावक का शव
वहीं 20 दिसंबर को रायगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया था। जहां रायगढ़ वन मंडल के बड़झरिया गांव में तालाब के पास हाथी के शावक का शव मिला था। शावक की उम्र तकरीबन छह महीने की है। आशंका जताई जा रही है कि, नहाने के दौरान पानी में डूबने से शावक की मौत हुई है। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद वन अमला मौके पर पहुंचा हुआ और मामले की जांच में जुट गई। बताया जा रहा है कि, बढ़झरिया इलाके में 32 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। शुक्रवार की देर शाम भी हाथी तालाब के इर्द-गिर्द देखे गए थे।

पीएम के बाद मौत का कारण होगा स्पष्ट
शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने तालाब के किनारे हाथी के शावक का शव देखा इसके बाद वन अमले को इसकी सूचना दी। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची हुई है। शव के पंचनामा के बाद पीएम की कार्रवाई की जा रही है। हाथियों की बड़ी संख्या को देखते हुए वन अमले ने आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया है। मामले में अधिकारियों का कहना है कि, पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story