पेंड्रा में शीतलहर का कहर: अमरकंटक में पारा 5 डिग्री से नीचे, बर्फ जैसी जमी ओस

अमरकंटक में जमी बर्फ जैसी ओस
आकाश पवार - पेंड्रा। पवित्र नगरी अमरकंटक सहित गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार रात और गुरुवार सुबह इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात दर्ज की गई।
अमरकंटक में सीजन की सबसे सर्द सुबह
गुरुवार सुबह अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया, जबकि पेंड्रा में तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान माना जा रहा है।

रामघाट और माई की बगिया में जमी बर्फ जैसी ओस
सुबह के समय अमरकंटक के रामघाट, माई की बगिया और श्रीयंत्र मंदिर सहित कई स्थानों पर ओस की मोटी परत जमी हुई नजर आई, जो बर्फ जैसी दिखाई दे रही थी। पूरे क्षेत्र में सफेद चादर जैसी परत छा गई, जिसे देखने श्रद्धालु और स्थानीय लोग ठिठक गए।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में शीतलहर का असर तेज बना हुआ है। पेंड्रा में पारा 7 डिग्री तक गिरने से ठंड का असर आम जनजीवन पर साफ तौर पर नजर आया। @GPM_DIST_CG #Chhattisgarh #weather #WINTER pic.twitter.com/R9VhAvugak
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) December 18, 2025
सड़कों पर सन्नाटा, अलाव का सहारा
कड़ाके की ठंड के कारण सुबह और रात के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव जलाते नजर आए। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी आवाजाही कम रही।

प्रशासन की अपील, बरतें सावधानी
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। नागरिकों से गर्म कपड़े पहनने, ठंडी हवा से बचने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की गई है।

ठंड और बढ़ने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। अमरकंटक में दर्ज किया गया यह तापमान इस सीजन का सबसे ठंडा माना जा रहा है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
