धान खरीदी सॉफ्टवेयर का ट्रायल रन शुरू: ऐप डाउनलोड कर 9 नवंबर से टोकन हासिल कर सकेंगे किसान

15 नवंबर से खरीदी शुरू करने की तैयारी में सरकार ने तुंहर टोकन ऐप लांच किया
रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन 2025-26 में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले खाद्य विभाग ने धान खरीदी सॉफ्टवेयर का ट्रायल रन शुरू कर दिया है। इसके साथ ही 15 नवंबर से खरीदी शुरू करने की तैयारी करते सरकार ने तुंहर टोकन ऐप लांच कर दिया है। इसके माध्यम से किसान अपना धान बेचने के लिए टोकन हासिल कर सकते हैं। टोकन की व्यवस्था 9 नवंबर से शुरू हो रही है। खास बात ये है कि सीजन में धान बेचने के लिए 26 लाख 49 हजार से अधिक किसान पंजीकृत हो चुके हैं। पिछले सीजन के मुकाबले यह संख्या एक लाख अधिक है।
राज्य में किसानों से धान खरीदी शुरू करने के सिलसिले में खाद्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी है। इस संबंध में खरीदी सॉफ्टवेयर का ट्रायल रन शुरू कर दिय गया है। बताया गया है कि 5 से 7 नवंबर तक होने वाले इस तकनीकी काम के लिए खाद्य अफसरों ने अपने अपने क्षेत्र में ट्रायल रन किया है। 7 तारीख को यह काम होने के बाद 9 नवंबर से किसानों को ऑनलाइन टोकन मिलने शुरू हो जाएंगे।

छोटे किसानों को 2, बड़ों को मिलेंगे 3 टोकन
धान खरीदी के संबंध में राज्य सरकार द्वारा जारी महत्वपूर्ण निर्देश में कई अहम बिंदु शामिल हैं। यदि कृषक द्वारा अंतिम टोकन में प्रविष्ट की गई धान की मात्रा उपार्जन केंद्र में निर्धारित खरीदी लिमिट से अधिक होती है, तो उस स्थिति में उक्त उपार्जन केंद्र में खरीदी लिमिट के 30 प्रतिशत तक का अधिक का उपार्जन किया जा सकेगा। सीमांत कृषक (2.5) एकड़ एवं लघु कृषक (2.5 से 5) एकड़ का अधिकतम 2 टोकन एवं दीर्घ कृषक (5) एकड़ का अधिकतम 3 टोकन बनाने की अनुमति है जिसमें निरस्त किये गये टोकन भी शामिल होंगे।
धान के बोरे में भरती होगी 40 किलो
सरकार ने ये भी साफ किया है कि किसान को जारी सभी टोकनों का योग किसान से धान खरीदी योग्य मात्रा के बराबर या कम होना अनिवार्य है। टोकन में धान की मात्रा 0.40 क्वि. प्रति बोरा (यानी 40 किलो भरती) के अनुपात में प्रविष्ट करना अनिवार्य है। नया टोकन बनाने हेतु रविवार से शुक्रवार तक 9:30 सुबह से 5 बजे शाम की समय सीमा निर्धारित है। टोकन में तौल हेतु दिनांक में आज के दिनांक की अनुमति नहीं है। टोकन में तौल के लिए शनिवार, रविवार एवं शासकीय अवकाश के दिनांकों के चयन की अनुमति नहीं है।

किसान ऐसे हासिल करें ऑनलाइन टोकन
पंजीकृत किसानों को धान खरीदी के लिए टोकन जारी करने की प्रक्रिया के सुव्यवस्थित प्रबंधन के लिए टोकन तुंहर हाथ एंड्रॉइड एप विकसित किया गया है। इस एप की सहायता से प्रत्येक किसान अपने संबंधित उपार्जन केंद्र में, स्वयं द्वारा निर्धारित तिथि पर धान विक्रय हेतु टोकन प्राप्त कर सकता है।
इस ऐप के माध्यम से किसान को समिति द्वारा दर्ज उसकी जानकारी, भूमि विवरण, बैंक खाता, टोकन तथा धान खरीदी से संबंधित सभी नवीनतम जानकारियां उपलब्ध होंगी। आप 'टोकन तुंहर हाथ' एप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। इस एप का उपयोग करने के लिए किसानों को समिति के पंजीयन क्रमांक के आधार पर पंजीयन अनिवार्य है। एप को पहली बार रन करने पर पंजीकरण पृष्ठ प्रदर्शित होगा।
सत्यापित खाते के बिना नहीं मिलेगा टोकन
धान बेचने के लिए किसानों को आवश्यक है कि, उनके पास बैंक खाता होना चाहिए। इससे भी महत्वपूर्ण बात ये है कि किसान का वह बैंक खाता सत्यापित भी होना चाहिए। सरकार ने ये साफ किया है कि बैंक खाता सत्यापित नहीं हुए किसानों का टोकन जारी करने की अनुमति नहीं है।
