धान खरीदी केंद्र पहुंचे कलेक्टर देवेश ध्रुव: नेतानार और पुसपाल में किसानों से मिलकर लिया फीडबैक

धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण करते कलेक्टर देवेश ध्रुव
लीलाधर राठी- सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा कलेक्टर देवेश ध्रुव ने बुधवार को छिंदगढ़ विकासखंड के नेतानार और पुसपाल धान उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी प्रक्रिया की जमीनी हकीकत जानने के लिए किसानों से सीधा संवाद किया।
कलेक्टर श्री ध्रुव ने निरीक्षण के दौरान केंद्र पर मौजूद सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। धान उपार्जन केंद्रों में बारदाना की स्टॉक स्थिति की जांच की गई। टोकन कटिंग की प्रक्रिया और हमाल (मजदूर) व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने नमी मापक यंत्रों के संचालन की स्थिति का अवलोकन किया गया। किसानों ने खरीदी प्रक्रिया को संतोषजनक बताते हुए शासन-प्रशासन के प्रयासों पर खुशी जाहिर की।

पारदर्शी तरीके से धान खरीदी के दिए निर्देश
उन्होंने धान खरीदी में लगे अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी केंद्रों पर धान खरीदी व्यवस्था पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सिर्फ वास्तविक किसानों से ही धान की खरीदी हो और खरीदी के तुरंत बाद नियमानुसार रकबा समर्पण की कार्रवाई पूर्ण की जाए। निरीक्षण के समय एसडीएम छिंदगढ़ पीवी खेस सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
