भयंकर लापरवाही के बीच चल रही खरीदी: किसान खुद उठा रहे बोरे, स्वयं तौल रहे धान, प्रभारी भी नदारद

भयंकर लापरवाही के बीच चल रही खरीदी : किसान खुद उठा रहे बोरे, स्वयं तौल रहे धान, प्रभारी भी नदारद
X

किसान खुद तौल रहे अपना धान

सीतापार धान खरीदी केंद्र में गुरुवार को एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। इस केंद्र में जब किसान धान लेकर पहुंचे तो वहां न हमाल और न ही मापतौल करने वाला कर्मचारी था।

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। इसी दौरान बलौदाबाजार जिले के सीतापार धान खरीदी केंद्र में गुरुवार को एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। इस केंद्र में जब किसान धान लेकर पहुंचे तो वहां न हमाल और न ही मापतौल करने वाला कर्मचारी था।

इसी कारण किसानों को खुद ही अपनी धान की तौल करनी पड़ी। किसान फड़ के दो अलग-अलग तराजू में खड़े होकर अपने-अपने धान की तौल करते देखे गए, जबकि यह कार्य पूरी तरह अधिकृत कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।

प्रभारी अधिकारी केंद्र से गायब मिले
किसानों ने बताया कि, हमाल अपनी समस्या के कारण आज काम पर नहीं आए, लेकिन यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि, बिना किसी जिम्मेदार अधिकारी की मौजूदगी के तौल प्रक्रिया कैसे चल रही थी सीतापार केंद्र में कृषि विस्तार अधिकारी को प्रभारी बनाया गया है। हरिभूमि की टीम गुरुवार धान खरीदी केन्द्र सीतापार मौके पर पहुंची, तो प्रभारी अधिकारी केंद्र से गायब मिले। इस गंभीर अव्यवस्था की सूचना एसडीएम दीपक निकुंज को दी गई है।

धान खरीदी प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका
टीम ने बताया कि, केंद्र में धान की कोई ढेरी भी नहीं थी, न ही कोई कर्मचारी था। किसानों की धान की गुणवत्ता का जांच वाला कोई कर्मचारी नजर तक नहीं आया किसान अपने घर की बोरी में लाए धान को सीधे बारदानों में पलट रहे थे। इससे धान खरीदी प्रक्रिया में अनियमितता और गड़बड़ी की आशंका है।

कई खरीदी केंद्रों में अब तक कर्मचारियों को चार्ज नहीं सौंपा
गौरतलब है कि, पुराने हड़ताली कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी है, फिर भी कई खरीदी केंद्रों में अब तक कर्मचारियों को चार्ज नहीं सौंपा गया है, जिससे खरीदी व्यवस्था चरमराई हुई है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि, इस गंभीर लापरवाही पर प्रशासन धान खरीदी केंद्र के प्रभारी पर क्या कार्रवाई करता है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story