नारायणपुर को मिली 351 करोड़ की सौगात: CM साय ने 357 विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन, बोले- लाल आतंक खत्म होने की ओर

नारायणपुर में विकास कार्यों का लोकार्पण
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दो दिवसीय बस्तर प्रवास के दौरान नारायणपुर जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए 351 करोड़ 49 लाख 45 हजार रुपये की लागत से 357 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। बस्तर पण्डुम के जिला स्तरीय कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ में लाल आतंक समाप्ति की कगार पर है और अब बस्तर नवाचार एवं विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है।
माओवाद समाप्ति की दिशा में तेजी
सीएम साय ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प से प्रदेश सरकार लगातार माओवाद मुक्त बस्तर की दिशा में कार्य कर रही है। नियद-नेल्लानार योजना से 400 से अधिक गाँवों में विकास की पहुंच सुनिश्चित हुई है। आत्मसमर्पित माओवादियों को कौशल प्रशिक्षण देकर मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।

351 करोड़ के 357 कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
हाई स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 351 करोड़ 49 लाख 45 हजार रुपए के 357 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन कार्यों में सड़क, शिक्षा, बुनियादी ढांचा, पर्यटन विकास, कृषि और पशुपालन से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
332 करोड़ के नए निर्माण कार्यों की घोषणाएं
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 6 प्रमुख निर्माण कार्यों की घोषणा की, जिनकी कुल अनुमानित लागत 332 करोड़ रुपये है। मुख्यत-
- ओरछा-आदेर-लंका-बेदरे-कुटरूमैमेड मार्ग (125 किमी) : 250 करोड़
- राजनांदगांव-बैलाडिला मार्ग सतह मजबूतीकरण (28 किमी) : 34 करोड़
- नारायणपुर-सोनपुर-मरोड़ा मार्ग सतह मजबूतीकरण (28 किमी) : 34 करोड़ 12 लाख
- घुड़साल नाला पर उच्च स्तरीय पुल (लंबाई 80 मी.) : 12 करोड़ 42 लाख
- अबुझमाड़ के 10 वैकल्पिक प्राथमिक स्कूलों के भवन : 1 करोड़ 06 लाख
- गरांजी एजुकेशन हब में खेल मैदान : 50 लाख
इन परियोजनाओं से नारायणपुर, दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा।
बस्तर पण्डुम में जनजातीय संस्कृति का प्रदर्शन
बस्तर पण्डुम के जिला स्तरीय आयोजन में मुख्यमंत्री ने आदिवासी व्यंजन, वेशभूषा, आभूषण और धरोहरों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह उत्सव जनजातीय संस्कृति और परंपरा को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

आत्मसमर्पित माओवादियों का सम्मान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कन्या विवाह योजना अंतर्गत मुख्यधारा में लौटे 4 आत्मसमर्पित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके नए जीवन की शुरुआत पर शुभकामनाएँ दीं।
जनप्रतिनिधियों के संबोधन
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि, 31 मार्च 2026 तक देश माओवाद मुक्त हो जाएगा। वहीं प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि, CM साय के नेतृत्व में हर क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहा है। साथ ही बस्तर सांसद महेश कश्यप ने जनजातीय संस्कृति को सहेजने के लिए पण्डुम और बस्तर ओलंपिक को महत्वपूर्ण बताया।
