अबूझमाड़ सर्च ऑपरेशन में बड़ी सफलता: नारायणपुर के घने जंगलों से भारी नक्सली डंप बरामद, सुरक्षाबलों ने IED किया नष्ट

Narayanpur Abujhmad search operation
X

संयुक्त टीम द्वारा बरामद नक्सली डंप

नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में पुलिस-आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन में नक्सलियों द्वारा छिपाया गया भारी डंप और एक प्रेशर कुकर IED बरामद किया।

इमरान खान - नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले स्थित दुर्गम अबूझमाड़ इलाके में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस, डीआरजी और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन में नक्सलियों का बड़ा डंप पकड़ा, जिसमें भारी मात्रा में सामग्री और एक प्रेशर कुकर IED मिला। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही IED को सुरक्षित तरीके से नष्ट किया।

संयुक्त टीम ने चलाया सघन सर्च ऑपरेशन
यह कार्रवाई 31 जनवरी 2026 को 53वीं वाहिनी आईटीबीपी, नारायणपुर पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम द्वारा की गई। ऑपरेशन आईटीबीपी सेनानी संजय कुमार के मार्गदर्शन और उप सेनानी तेजवीर सिंह के नेतृत्व में ग्राम मडोड़ा से भोटोर के बीच घने जंगलों में चलाया गया। टीम कई घंटों तक इलाके में सघन तलाशी करती रही।


भोटोर के जंगलों में मिला बड़ा नक्सली डंप
सर्च के दौरान ग्राम भोटोर के पास घने जंगलों में नक्सलियों का छिपाया हुआ एक बड़ा डंप मिला। इसमें भारी संख्या में डेटोनेटर, खाली बड़े ड्रम, राशन, कपड़े और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई। बरामद वस्तुओं से संकेत मिलता है कि नक्सली इस क्षेत्र का लंबे समय से उपयोग कर रहे थे।

प्रेशर कुकर IED को किया गया नष्ट
बरामद सामग्री के साथ एक प्रेशर कुकर IED भी मिला। आईटीबीपी के बम निरोधक दस्ते (BDS) ने सुरक्षा मानकों के तहत IED को वहीं पर नियंत्रित विस्फोट कर नष्ट किया। इस कार्रवाई से किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका टल गई।


सभी जवान सुरक्षित, कोई जनहानि नहीं
पूरे अभियान के दौरान किसी जवान को कोई चोट नहीं आई और न ही किसी प्रकार की जनहानि की सूचना है। कार्रवाई पूरी करने के बाद सुरक्षाबल बरामद सामग्री के साथ सुरक्षित अपने कैंप लौट आए। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story